
सलमान खान से शाहिद कपूर तक, इस हफ्ते ये सितारे करेंगे आपका मनोरंजन
क्या है खबर?
सिनेमाघरों के साथ-साथ अब OTT पर भी फिल्में और वेब सीरीज देखने का चलन तेजी से बढ़ा है।
जो लोग सिनेमाघर जाने से परहेज करते हैं, वो घर बैठे OTT पर फिल्में रिलीज होने का इंतजार करते हैं। दर्शकों को हर हफ्ते फिल्मों और वेब सीरीज का बेसब्री से इंतजार रहता है।
मनोरंजन प्रेमियों के लिए मार्च का आखिरी हफ्ता भी बेहद खास होने वाला है।
आइए जानें इस हफ्ते आप किन फिल्मों और सीरीज का लुत्फ उठा सकते हैं।
#1
'सिकंदर'
शुरुआत सलमान खान की फिल्म 'सिकंदर' से करते हैं, जिसका निर्देशन एआर मुरुगदॉस ने किया है और इसके निर्माता साजिद नाडियाडवाला हैं, जिन्होंने पहले सलमान के साथ ब्लॉकबस्टर फिल्म 'किक' बनाई थी।
'सिकंदर' में पहली बार सलमान की जोड़ी अभिनेत्री रश्मिका मंदाना के साथ बनी है।
शरमन जोशी, काजल अग्रवाल और सत्यराज जैसे कलाकार भी इसका हिस्सा हैं।
यह फिल्म 30 मार्च यानी ईद के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक दे रही है।
#2
'मुफासा द लॉयन किंग'
'मुफासा' को भारतीय दर्शकों का प्यार हमेशा से मिला है। इस फ्रैंचाइजी की नई फिल्म 'मुफासा: द लायन किंग' सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, लेकिन अगर आप इसे देखने से चूक गए तो कोई बात नहीं। अब आपका इसका लुत्फ घर बैठे उठा सकते हैं।
ये फिल्म 26 मार्च से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है।
इसके हिंदी वर्जन में शाहरुख खान, अबराम खान, आर्यन खान, श्रेयस तलपड़े और संजय मिश्रा ने अपनी आवाज दी है।
#3
'विदुथलाई: पार्ट 2'
OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 पर 28 मार्च को 'विदुथलाई: पार्ट 2' को हिंदी में रिलीज किया जाएगा।
निर्देशक वेत्रिमारन की यह फिल्म क्रांतिकारी पेरुमल 'वाथियार' (विजय सेतुपति) की कहानी है। वह कभी स्कूल शिक्षक थे, लेकिन फिर हालात ने उन्हें क्रांतिकारी नेता बना दिया। यह फिल्म पेरुमल की कहानी को आगे बढ़ाती है, जिसमें पकड़े जाने के बाद वह अधिकारियों को अपने जीवन की कहानी सुनाते हैं।
मंजू वारियर ने भी इस फिल्म में अहम भूमिका निभाई है।
#4 और #5
'देवा' और 'डेलुलु एक्सप्रेस'
शाहिद कपूर की फिल्म 'देवा' बॉक्स ऑफिस पर फेल हो गई। हालांकि, इसके OTT पर आने का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था। फिल्म में शाहिद ने एक गुस्सैल पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है। इसमें उनके साथ पूजा हेगड़े अहम भूमिका में हैं। 'देवा' 28 मार्च को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
दूसरी ओर मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान अपना नया शो 'डेलुलु एक्सप्रेस' लेकर आ गए हैं, जो 27 मार्च से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहा है।