सलमान खान की 'मातृभूमि' पर संकट के बादल, क्या ठंडे बस्ते में चली गई फिल्म?
क्या है खबर?
सलमान खान की आने वाली फिल्में खूब सुर्खियों में रहती हैं। उनकी फिल्म 'मातृभूमि' का इंजतार भी दर्शक बड़ी बेसब्री से कर रहे हैं। हालांकि, अब इसे लेकर एक ऐसा अपडेट सामने आया है, जिससे सलमान के प्रशंसक तो यकीनन मायूस हाे जाएंगे। दरअसल, योजनाओं में आ रही बाधाओं के कारण बड़े बजट की इस फिल्म की रफ्तार थम गई है, जिससे इसके भविष्य पर सवालिया निशान लग गए हैं।
रिपोर्ट
सेंसर और सेना की मंजूरी का अब भी इंतजार
मिड डे के अनुसार, फिल्म अभी तक सेंसर बोर्ड के पास जमा नहीं की गई है। एक सूत्र ने बताया कि रक्षा मंत्रालय या भारतीय सेना के किसी अधिकारी ने अब तक फिल्म नहीं देखी है। इस स्तर पर निर्माता रिलीज को आसान बनाने के लिए अगले कदमों पर विचार कर रहे हैं। 'मातृभूमि' को पूरी तरह नहीं बदला गया है। इसे फिर से लिखने या शूट करने के बजाय टीम ने इसमें कुछ बदलाव और नए हिस्से जोड़े हैं।
बदलाव
फिल्म के मिजाज में बड़ा बदलाव
मुंबई शेड्यूल के दौरान फिल्म में कुछ नए दृश्यों की शूटिंग की गई है, जो परिवार के रिश्तों और सहायक पात्रों की प्रेम कहानियों पर केंद्रित हैं। ये फिल्म के मिजाज में एक बड़े बदलाव का संकेत देता है, जहां पहले यह फिल्म पूरी तरह युद्ध पर आधारित थी, अब ये अधिक भावनात्मक और मानवीय संवेदनाओं वाली ड्रामा फिल्म बनती दिख रही है। हालांकि, इस बदलाव ने एक बड़ी रचनात्मक दुविधा भी पैदा कर दी है।
कहानी
गलवान संदर्भ हटे, फिल्म की कहानी का मुख्य संघर्ष हुआ कमजोर
पहले ये बताया गया था कि फिल्म की कहानी चीन और गलवान घाटी संघर्ष से जुड़े तनावों के इर्द-गिर्द घूमती है, लेकिन अब उन संदर्भों को कम कर दिया गया है या पूरी तरह हटा दिया गया है, जिससे कहानी का मुख्य संघर्ष अस्पष्ट हो गया है। एक सूत्र के अनुसार, एक मजबूत भू-राजनीतिक पृष्ठभूमि के बिना निर्माता अब भी यह तय करने की कोशिश कर रहे हैं कि कहानी को आगे बढ़ाने वाला मुख्य कारण क्या होगा।
संकट
'मातृभूमि' का भविष्य अधर में
फिलहाल, 'मातृभूमि' का भविष्य अधर में लटका हुआ है। हालांकि, निर्माताओं का इरादा फिल्म को सार्वभौमिक रूप से आकर्षक बनाना है, लेकिन इसकी मुख्य थीम और सेंसर सर्टिफिकेशन प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता की कमी के कारण इसकी सिनेमाघरों तक की यात्रा लगातार लंबी होती जा रही है। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में हैं। ये पहला मौका होगा, जब सलमान और चित्रांगदा पर्दे पर साथ नजर आएंगे।