सलमान खान ने दी दोस्त के कैफे को मजाकिया चेतावनी, FDA का हवाला देते हुए कही ये बात
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने हाल ही में अपने दोस्त सैवियो के बांद्रा स्थित कैफे 'द टक शॉप एट सैवियो' को लेकर इंस्टाग्राम पर एक मजेदार पोस्ट साझा किया।
उन्होंने मजाक-मजाक में कहा कि उन्हें और कॉफी चाहिए और साथ ही सलाह दी कि वे अपने कैफे की क्वालिटी, कीमतों और सबसे जरूरी, साफ-सफाई का खास ख्याल रखें।
सलमान ने मजाकिया अंदाज में चेतावनी दी कि अगर इसमें कोई गड़बड़ी हुई, तो वे 'उन्हें भेज देंगे'। यह इशारा महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंधे की तरफ था।
तुकाराम ने की 3,000 से ज्यादा फूड इंस्पेक्शन की निगरानी की
कमिश्नर तुकाराम मई 2026 से फूड सेफ्टी (खाने की सुरक्षा) को लेकर काफी सख्त हैं। इस दौरान उन्होंने 3,000 से ज्यादा जगहों पर जांच करवाई है और खराब साफ-सफाई या खाने में मिलावट पाए जाने पर लगभग 165 लाइसेंस रद्द या निलंबित किए गए हैं।
तुकाराम ने हाल ही में कहा था, 'मेरा मानना है कि एक स्वस्थ देश के लिए स्वस्थ नागरिक जरूरी हैं। स्वस्थ नागरिकों के लिए स्वस्थ भोजन और दवाइयां भी उतनी ही जरूरी हैं और इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए, नियामकों (रेगुलेटर्स) को उसी दिशा में काम करना चाहिए।' उनके इस बयान से साफ होता है कि साफ-सुथरे खाने के मामले में वे बिल्कुल समझौता नहीं करेंगे।