Page Loader
यूलिया को बॉलीवुड में लॉन्च करने वाले हैं सलमान! इस फिल्म में आ सकती हैं नजर

यूलिया को बॉलीवुड में लॉन्च करने वाले हैं सलमान! इस फिल्म में आ सकती हैं नजर

May 21, 2020
08:00 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान को इंडस्ट्री में कई सितारों का गॉडफादर कहा जाता है। उन्हीं की वजह से आज कई हस्तियों ने इंडस्ट्री में एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। अब खबर आई है कि सलमान जल्द ही एक और नया चेहरा लॉन्च करने वाले हैं। दरअसल, ये नाम है उनकी खास दोस्त यूलिया वंतूर का। रिपोर्ट्स है कि यूलिया, सलमान की ही फिल्म से इंडस्ट्री में डेब्यू करने जा रही हैं।

ऐलान

साल के अंत तक सलमान कर सकते हैं ऐलान

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, सलमान के एक करीबी सूत्र का कहना है कि वह जल्द ही यूलिया को लेकर एक बड़ी घोषणा कर सकते हैं। सूत्र ने कहा, "अभी तो लॉकडाउन है, लेकिन इस साल के अंत तक जब हालात सामान्य हो जाएंगे, तो भाई यूलिया को लेकर एक ऐलान करेंगे।" इसी के साथ अब कहा जा रहा है कि यूलिया को सलमान की अगली फिल्म 'कभी ईद कभी दीवाली' में देखा जा सकता है।

सिंगिंग

सिंगिंग में भी हाथ आजमां चुकी हैं यूलिया वंतूर

यूलिया वंतूर बॉलीवुड में एंट्री से से पहले सिंगिंग में भी हाथ आजमां चुकी हैं। उन्हें अभिनेता और हॉस्ट मनीष पॉल के साथ एक म्यूजिक वीडियो 'हरजाई' में भी देखा गया था। इसके अलावा उन्होंने सिंगर हिमेश रेशमिया के साथ 'आपसे मौसिकी' गाना भी गाया था। इन दोनों ही गानों का खूब जोर-शोर के साथ प्रमोशन किया गया। इसके बावजूद ये दोनों ही गाने दर्शकों के बीच कोई खास धमाल नहीं मचा पाए।

डेब्यू फिल्म

जिम्मी शेरगिल के साथ आने वाली थी फिल्म

साल 2018 में खबर आई थी यूलिया डायरेक्टर प्रेम सोनी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'राधा क्यों गोरी मैं क्यों काला' में भी नजर आने वाली थीं। इस फिल्म में उनके साथ जिम्मी शेरगिल मुख्य किरदार में थे। फिल्म से यूलिया का एक पोस्टर भी जारी किया गया था जिसमें वह पीले रंग की साड़ी पहने जोगन के लिबास में दिख रही थीं। हालांकि, बाद में खबर आई कि उनकी यह फिल्म ठंडे बस्ते में चली गई।

जानकारी

पनवेल में सलमान और कई दोस्तों के साथ हैं यूलिया

यूलिया वंतूर इस समय सलमान खान के साथ उनके पनवेल वाले फार्म हाउस में हैं। यहां अर्पिता खान शर्मा, आयुष शर्मा और जैकलीन फर्नांडीज सहित उनके कई दोस्त मौजूद हैं। देश में लॉकडाउन से पहले ये सभी पनवेल पहुंच गए थे।

कास्ट

सलमान खान की फिल्म में दिखेंगे ये सितारे

वहीं दूसरी ओर सलमान की 'कभी ईद कभी दीवाली' की बात करें तो फरहाद सामजी के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म को साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूस कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म में चार भाईयों की कहानी को दिखाया जाएगा। जिसमें सलमान सबसे बड़े भाई होंगे। उनके अलावा इसमें आयुष शर्मा, आसिम रियाज और पूजा हेगड़े जैसे सितारे भी नजर आने वाले हैं। यह फिल्म अगले साल ईद पर सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है।