सलमान खान के पिता सलीम खान अस्पताल में भर्ती, भारी सुरक्षा के बीच मिलने पहुंचे अभिनेता
क्या है खबर?
अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान से जुड़ी चौंकाने वाली खबर आ रही है। 90 साल की उम्र में उन्हें अचानक मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिससे फैंस परेशान हैं। PTI के मुताबिक, सलीम को 17 फरवरी की सुबह अस्पताल ले जाया गया और वह फिलहाल ICU में हैं। उधर पिता से मिलने भारी सुरक्षा के साथ सलमान अस्पताल पहुंचे हैं। हालांकि, परिवार ने उनके स्वास्थ्य से संबंधित कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
प्रार्थना
फैंस ने सलीम के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की
सोशल मीडिया पर आए वीडियो में सलमान को लीलावती अस्पताल से बाहर निकलते देखा जा सकता है। उनके चेहरे की उदासी साफ बयां कर रही है कि अभिनेता अपने पिता के स्वास्थ्य को लेकर काफी चिंतित हैं। उनके चारों तरफ सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने पैपराजी से बात करने के लिए कोई विराम नहीं लिया और सीधे चले गए। वीडियो देखने के बाद फैंस परेशान हो गए हैं और सलीम के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
उम्र
सलीम खान ने नवंबर, 2025 में मनाया था 90वां जन्मदिन
सलमान के पिता और दिग्गज लेखक सलीम की उम्र 90 साल हैं। पिछले साल नवंबर, 2025 में उन्होंने अपना यादगार जन्मदिन मनाया था जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे। उनकी दूसरी पत्नी हेलन ने एक पोस्ट भी साझा किया था जिसमें उन्होंने लेखक को 90वें जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य, शांति और खुशियों की कामना की थी। इसके अलावा, सलमान की कथित गर्लफ्रेंड यूलिया वंतूर ने भी बधाई मैसेज भेजा था।