सोहेल-अरबाज के साथ क्रिसमस पार्टी में जमकर नाचे सलमान, देखें वीडियो

25 दिसंबर को देश भर में क्रिसमस की धूम रही। बॉलीवुड में भी क्रिसमस की धूम देखने को मिली। करीना ने अपने परिवार के साथ क्रिसमस का पर्व सेलीब्रेट किया, वहीं बॉलीवुड के दबंग सलमान खान ने भी इस मौके पर एक पार्टी का आयोजन किया था। इस पार्टी में करण जौहर अपने बच्चों रूही व यश के साथ पहुंचे थे। शाहरुख के छोटे बेटे अबराम भी पार्टी में शामिल हुए थे।
सलमान ने अपने परिवार के साथ क्रिसमस मनाया। क्रिसमस पार्टी का एक वीडियो सलमान ने शेयर किया है जिसमें सलमान अपने दोनों भाई अरबाज और सोहेल के साथ डीजे पर डांस करते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में पहले सोहेल नीचे बैठे हुए नजर आते हैं जबकि अरबाज और सलमान डांस करते हैं। थोड़ी देर बाद सोहेल भी अरबाज और सलमान के साथ डांस करने लगते हैैं। फिर तीनों भाई जमकर डांस करते हैं।
सलमान 27 दिसंबर को अपना 53वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं। खबरों के मुताबिक, सलमान अपना 53वां जन्मदिन पनवेल स्थित फार्महाउस में मनाएंगे। पार्टी में उनके परिवार के करीबी लोग और दोस्त शामिल होंगे। सलमान की आने वाली फिल्म 'भारत' है। इस फिल्म में कैटरीना कैफ भी हैं। फिल्म में कैटरीना के पहले प्रियंका नज़र आने वाली थीं। सलमान खान इस फिल्म में पांच अलग-अलग लुक में नजर आएंगे। 'भारत' का निर्देशन अली अब्बास जफ़र कर रहे हैं।