सलमान खान ने मीडिया को दी खुली चेतावनी, कहा- मेरे दर्द का मजा मत लो
मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में जब सलमान खान एक पारिवारिक सदस्य से मिलने पहुंचे तो वहां मौजूद फोटोग्राफर्स की भीड़ से उनका आमना-सामना हुआ और माहौल थोड़ा तनावपूर्ण हो गया।
फोटोग्राफर्स की इस भीड़ से परेशान होकर सलमान का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वो कहते नजर आए, 'दिमाग खराब है क्या?'। बाद में उन्होंने इंस्टाग्राम पर कुछ मुस्कुराती हुई सेल्फी पोस्ट कीं, लेकिन उनके कैप्शन में उनकी नाराजगी साफ झलक रही थी।
निजता में दखल पर भड़के 'भाईजान'
अपने पोस्ट में सलमान खान ने कुछ मीडिया संस्थानों पर उनकी निजता में दखल देने और 'उनके दर्द का मजा लेने' का आरोप लगाया। उन्होंने ये बात खासतौर पर तब कही, जब मीडिया ने इस घटना को उनकी आने वाली फिल्म 'मातृभूमि' से जोड़ा।
सलमान ने एक चेतावनी भी दी कि किसी के भी निजी पलों का इस्तेमाल मुनाफा कमाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। बता दें कि अभिनेता प्रशांत तामांग के निधन के बाद 'मातृभूमि' की शूटिंग में देरी हो गई है, क्योंकि प्रोडक्शन में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। फिल्म का नाम पहले 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था।