Page Loader
सलमान की अपने फैंस से अपील, दुख की घड़ी में सुशांत के फैंस-परिवार का साथ दें

सलमान की अपने फैंस से अपील, दुख की घड़ी में सुशांत के फैंस-परिवार का साथ दें

Jun 21, 2020
03:48 pm

क्या है खबर?

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उनके फैंस ने सोशल मीडिया पर नेपोटिज्म का मुद्दा उठा दिया है। ऐसे में सुशांत के फैंस का गुस्सा कई बॉलीवुड हस्तियों पर फूटता हुआ दिख रहा है। इन्हीं में से एक सुपरस्टार सलमान खान भी है, जिन्हें इन दिनों लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, सलमान ने अपने फैंस से अपील की है कि वह इस दुख के वक्त में सुशांत के फैंस का साथ दें।

अपील

सलमान ने की सुशांत फैंस और परिवार के साथ खड़े रहने की अपील

सलमान को ट्रोल किए जाने पर उनके चाहने वाले भी उनके सपोर्ट में आकर खड़े हो गए हैं। ऐसे में अब सलमान ने एक ट्वीट में लिखा, 'मैं अपने सभी फैंस से गुजारिश करता हूं कि वो सुशांत के फैंस के साथ खड़े रहे और गलत भाषा का इस्तेमाल ना करें। भावनाओं को समझने की कोशिश करें। इस मुश्किल वक्त में सुशांत के परिवार और फैंस का सहारा बने। किसी अपने का चले जाना बहुत दुख देने वाला होता है।'

ट्विटर पोस्ट

देखिए सलमान खान का ट्वीट

विरोध

सलमान को लगातार चल रहे हैं विरोध प्रदर्शन

गौरतलब है कि बिहार की कई जगहों पर सलमान खान का विरोध किया जा रहा है। कई इलाकों में तो उनके नाम के पुतले भी जलाए गए हैं। वहीं दूसरी ओर फिल्म 'दंबग' के डायरेक्टर अभिनव सिंह कश्यप भी लगातार सलमान और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने हाल ही में कहा है कि सलमान खान का बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन भी एक मनी लॉन्ड्रिंग हब है। उनके द्वारा की जाने वाली चैरिटी भी सिर्फ एक दिखावा है।

आरोप

इन हस्तियों ने भी लगाए सलमान पर गंभीर आरोप

दिवंगत अदाकारा जिया खान की मां राबिया ने भी सलमान पर आरोप लगाया था कि उन्होंने उनकी बेटी की मौत के जांच रुकवाई थी। सोनू निगम ने बिना उनका नाम लिए कहा था कि म्यूजिक इंडस्ट्री को भी सिर्फ दो ही कंपनिया चला रही हैं। एक अभिनेता जो आकर कहते हैं कि इससे गाने मत गवाओं। उन्होंने अरिजीत सिंह के साथ भी यही किया। वहीं साहिल खान ने भी कहा था कि एक खान ने उनका करियर बर्बाद कर दिया।

जांच

फैंस और परिवार चाहता है निष्पक्ष जांच

गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को बांद्रा में स्थित अपने फ्लैट में आत्महत्या कर ली थी। जबकि उनके परिवार, दोस्तों और फैंस का कहना है कि उनके जैसा शख्स इस तरह का कदम उठा ही नहीं सकता। सभी चाहते हैं कि मामले में पुलिस निष्पक्ष जांच करे। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक सुशांत काफी समय से डिप्रेशन से जूझ रहे थे। कहा जा रहा है कि कई दिनों से उन्होंने अपनी दवाईयां लेना भी छोड़ दिया था।