राजपाल यादव को मुश्किल से बाहर निकालेंगे सलमान खान समेत ये सितारे, एकजुट हुआ बॉलीवुड
क्या है खबर?
राजपाल यादव इस वक्त अपनी जिंदगी के सबसे बुरे दौर से गुजर रहे हैं। 9 करोड़ रुपये का भारी कर्ज और कानूनी लड़ाई के चलते उनकी मुश्किलें काफी बढ़ चुकी हैं। नतीजन उन्हें तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण करना पड़ा। उनकी मौजूदा आर्थिक स्थिति को देखते हुए सोनू सूद, गुरमीत चौधरी और संगीत निर्माता राव इंद्रजीत सिंह ने आगे बढ़कर हाथ बढ़ाया है। उनकी सार्वजनिक अपील के बाद बॉलीवुड के अन्य सितारे भी एकजुट होकर आगे आए हैं।
मदद
सलमान खान और अजय देवगन समेत इन सितारों ने दिया समर्थन
न्यूज 18 के मुताबिक, दावा किया गया है कि सलमान खान, अजय देवगन और वरुण धवन समेत कई फिल्मी सितारे राजपाल को समर्थन देने के लिए आगे आए हैं। स्क्रीन से बातचीत में राजपाल के मैनेजर गोल्डी ने कहा, "अभिनेता की मदद के लिए बहुत से लोग आगे आए हैं। सोनू, सलमान और अजय जैसे अभिनेताओं ने अपना समर्थन दिया है। मेरी अभी डेविड धवन से बात हुई थी। उन्होंने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।"
जमानत
राजपाल की जमानत याचिका हो चुकी दाखिल
गोल्डी ने आगे कहा, "फिल्म जगत ने राजपाल का चट्टान की तरह साथ दिया है, जिसकी सराहना की जानी चाहिए। सभी ने प्रतिबद्धता जताई है, लेकिन ऐसे सौदे रातोंरात नहीं होते।" उन्होंने आगे बताया कि अभिनेता की जमानत याचिका दाखिल हो चुकी है। 12 फरवरी को अगली सुनवाई होगी। उन्होंने उम्मीद जमाई कि राजपाल को जल्द ही जमानत मिल जाएगी। बता दें, चेक बाउंस मामले में राजपाल ने 5 फरवरी को दिल्ली के तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया था।