सैफ अली खान को इस फिल्म के कारण मिली 'हैवान', बोले- कुछ मौके वर्षाें बाद...
क्या है खबर?
सैफ अली खान अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'कर्तव्य' को लेकर काफी चर्चा बटोर रहे हैं। उनकी अगली फिल्म 'हैवान' भी लोगों का खूब ध्यान खींच रही है, जिसमें अक्षय कुमार उनके साथ नजर आएंगे। हालिया बातचीत में अभिनेता ने खुलासा किया कि कैसे एक 20 साल पुरानी फिल्म के कारण उन्हें निर्देशक प्रियदर्शन की फिल्म 'हैवान' में काम करने का मौका मिला। सैफ ने बताया कि 'परिणीता' (2005) में उनके दमदार अभिनय को देखकर ही उन्हें 'हैवान' में चुना गया।
खुलासा
सैफ बोले- कुछ अभिनय वर्षों बाद नए मौके दिलाते हैं
इंडिया टुडे से बातचीत में सैफ ने बताया कि कुछ अभिनय वर्षों बाद नए मौके दिलाते हैं और अच्छे काम का फल अक्सर तब मिलता है, जब उसकी उम्मीद नहीं हाेती। उन्होंने कहा, "अच्छी बात यह है कि कुछ करते हैं और सालों बाद उसका फल आपको किसी और रूप में मिलता है। मैंने अभी-अभी प्रियदर्शन के साथ काम खत्म किया है और मेरा अनुभव बेहद शानदार रहा। उन्होंने मुझसे कहा कि उन्हें 'परिणीता' में मेरा अभिनय बहुत पसंद आया।"
आभार
'परिणीता' की वजह से मुझे 'हैवान' मिली
उन्होंने प्रियदर्शन का आभार जताते हुए कहा, "भले ही 'परिणीता' मेरी सबसे सफल फिल्म न रही हो, लेकिन उसी की वजह से मुझे यह फिल्म मिली। इसके अलावा, सैफ ने 'ओमकारा' (2006) को अपने करियर का एक अहम मोड़ बताया और कहा कि फिल्म का वह दौर जादुई था, क्योंकि उसमें बहुत सकारात्मकता, प्रयोग और आत्मविश्वास था। खैर, 'हैवान' की बात करें तो यह एक सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म है, जो मोहनलाल की मलयालम फिल्म 'ओप्पम' का रीमेक बताई जाती है।