Page Loader
रसोड़े में कौन था? वायरल होने के बाद बनेगा 'साथ निभाना साथिया' का दूसरा सीजन

रसोड़े में कौन था? वायरल होने के बाद बनेगा 'साथ निभाना साथिया' का दूसरा सीजन

Aug 29, 2020
03:49 pm

क्या है खबर?

लोकप्रिय सीरियल 'साथ निभाना साथिया' हिन्दी टीवी सीरियल्स के हिट शोज में से एक रहा है। इसके खत्म होने के बाद फैंस काफी निराश भी थे, लेकिन अब इसके चाहने वालों के लिए एक खुशखबरी आई है। दरअसल, हाल ही में शो पर एक फनी रैप वीडियो बनाया गया था, जो कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। अब फैंस के इसी प्यार को देखते हुए मेकर्स ने इसका दूसरा सीजन लाने का फैसला किया है।

पुष्टि

मेकर्स ने की दूसरे सीजन की पुष्टि

शो का दूसरा सीजन बनाने की पुष्टि करते हुए प्रोड्यूसर रश्मि शर्मा ने मुंबई मिरर से बातचीत में कहा, "2010 से ही यह शो चर्चा में रहा है। इसके खत्म होने के बाद भी यह मेरे दिमाग में चलता रहता था। इसे लेकर मुझे कई आइडिया आए कि इसे कैसे आगे लेकर जाना है।" उन्होंने कहा, "लॉकडाउन में इसके रिपीट टेलिकास्ट भी काफी देखे गए। इसी से हमें विश्वास हुआ कि यह दूसरे सीजन के लिए सभी वक्त है।"

प्रसारण

अक्टूबर में प्रसारित हो सकता है शो

रश्मि ने बताया कि दूसरे सीजन में कई नई स्टार कास्ट और कहानी में ट्विस्ट देखने को मिलेगा। यह अब भी एक फैमिली शो ही रहेगा। हालांकि, इसी के साथ उन्होंने इस बात की भी पुष्टि कर दी है कि दूसरे सीजन में भी देवोलीना भट्टाचार्जी ही गोपी बहू के रुप में वापसी करेंगी। वहीं रूपल पटेल को कोकिलाबेन के अपने लोकप्रिय किरदार में ही देखा जाने वाला है। खबर है कि शो अक्टूबर से प्रसारित किया जा सकता है।

जानकारी

मैशअप वीडियो हुआ था वायरल

गोरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही शो के एक डायलॉग पर यशराज मुखाटे द्वारा बनाया गया मैशअप वीडियो 'रसोड़े में कौन था?' को लोगों ने खूब पसंद किया। वीडियो में कोकिलाबेन अपनी दोनों बहुओं राशि और गोपी बहू को डांटती हुई दिख रही थीं।

पहला सीजन

पहला सीजन रहा था हिट

'साथ निभाना साथिया' के पहले सीजन की बात करें तो इसका प्रसारण 3 मई, 2010 से शुरु किया गया था और यह 23 मई, 2017 तक दर्शकों का मनोरंजन करता रहा। इसके कुल 2,184 एपिसोड्स दिखाए गए थे। पहले सीजन में दिखाया गया था कि कोकिलाबेन अपने बिजनेसमैन बेटे अहम की शादी एक अनपढ़ लड़की गोपी से करवा देती है। ऐसे में गोपी को अपने पति का दिल जीतने के लिए कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।