'अल्फा' में आलिया भट्ट का बेखौफ एक्शन देख राजमौली हुए दंग, की जमकर तारीफ
एस.एस. राजामौली, आलिया भट्ट की नई जासूसी थ्रिलर फिल्म 'अल्फा' को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने हाल ही में रिलीज हुए टीजर को सोशल मीडिया पर साझा किया और उसे बेहतरीन बताया।
राजामौली ने लिखा कि आलिया हमेशा की तरह शानदार लगी हैं और एक्शन दृश्यों में तो वे बेखौफ अंदाज में नजर आ रही हैं।
इस वीडियो में आलिया एक बड़े और खतरनाक मिशन को अंजाम देती दिख रही हैं।
टीजर में क्या दिख रहा खास
फिल्म की कहानी के अनुसार, होटल की 34वीं मंजिल पर एक खतरनाक मिशन शुरू करने से पहले आलिया अपने पिता (बॉबी देओल) के साथ अपना 18वां जन्मदिन मनाती है।
इस फिल्म में बॉबी का किरादर सिर्फ एक पिता का नहीं है, बल्कि एक ऐसे शख्स का है, जो बचपन से ही आलिया को इस 'अल्फा' मिशन के लिए तैयार कर रहा है।
राजामौली ने आलिया को दी दिल लगाकर काम करने की सलाह
आलिया और राजामौली ने साल 2022 में 'RRR' फिल्म में साथ काम किया था। हाल ही में साल 2024 में हुए एक समिट में, आलिया ने बताया कि राजामौली ने उन्हें एक बेहद खास सलाह दी थी।
उन्होंने कहा था कि हमेशा वही किरदार चुनो जिनसे तुम्हें दिल से लगाव हो, क्योंकि जब कलाकार अपने काम में पूरी जान लगा देता है, तो दर्शक उससे सबसे ज्यादा जुड़ते हैं, भले ही फिल्म की सफलता उतनी मायने न रखती हो।