LOADING...
रोनित रॉय के नाम पर लड़कियों से ठगी, अभिनेता ने पोल खोल दी पुलिस की धमकी
रोनित रॉय के नाम पर ठगी

रोनित रॉय के नाम पर लड़कियों से ठगी, अभिनेता ने पोल खोल दी पुलिस की धमकी

May 22, 2026
12:27 pm

क्या है खबर?

अभिनेता रोनित रॉय के नाम पर लड़कियों से साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। इस बात की जानकारी खुद रोनित रॉय ने सोशल मीडिया पर दी है। अभिनेता ने ठग के फर्जी नंबर और ईमेल की पोल खोलते हुए फैंस को सावधान रहने के लिए कहा है। इसके साथ ही उन्होंने ठगी करने वाले को चेतावनी दी है कि अब पुलिस उसके पीछे आ रही है। क्या है पूरा मामला, आइए जानते हैं।

फर्जीवाड़ा

रोनित रॉय के नाम पर मुलाकात के बहाने मांगे जा रहे पैसे

रोनित ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति उनका नाम लेकर खासकर महिलाओं से संपर्क कर रहा है और अभिनेता के साथ बुकिंग और मुलाकात कराने के लिए पैसों की मांग कर रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कड़ी चेतावनी जारी कर लोगों से सावधान रहने और ऐसी घटनाओं की तुरंत रिपोर्ट करने का आग्रह किया है। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर इस घोटाले से जुड़ी जानकारियां साझा की हैं, जिसमें जालसाज द्वारा इस्तेमाल की जा रही संपर्क जानकारी भी शामिल है।

धमकी

पुलिस तुम्हारे पीछे आ रही है- रोनित

रोनित ने लिखा, 'मेरे संज्ञान में आया है कि कोई व्यक्ति मेरे नाम का इस्तेमाल कर रहा है और लोगों, खासकर लड़कियों से संपर्क करके पैसे मांग रहा है। ये व्यक्ति मेरे नाम पर बुकिंग लेने की कोशिश कर रहा है। इसमें शामिल नंबर एक जांगी (Zangi) नंबर 3318085685 है। जिस ईमेल आईडी का इस्तेमाल किया जा रहा है, वो ronitroybookings@hotmail.com है। सभी लोग सावधान रहें। जहां तक इस अपराधी की बात है... पुलिस तुम्हारे पीछे आ रही है।'

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

रोनित रॉय ने किया ये पोस्ट

Advertisement

स्पष्टीकरण

रोनित ने लिखा- मैं कभी किसी से पैसे नहीं मांगूंगा

रोनित ने स्पष्ट किया कि वो कभी सोशल मीडिया या कहीं और किसी व्यक्ति से संपर्क नहीं करेंगे और न ही वे किसी भी परिस्थिति में किसी से पैसे मांगेंगे। उन्होंने लिखा, 'कृपया ध्यान दें कि मैं सोशल नेटवर्क या किसी अन्य माध्यम से कभी भी महिलाओं से संपर्क नहीं करूंगा। मैं कभी भी किसी से पैसे नहीं मांगूंगा। अगर आप सभी का सामना ऐसे किसी व्यक्ति से होता है तो कृपया इसे तुरंत मेरे संज्ञान में लाएं।"

वर्कफ्रंट

इस सीरीज में नजर आएंगे रोनित

अभिनेता ने कथित बातचीत के स्क्रीनशॉट भी साझा किए, जिसमें दिखाया गया है कि कैसे बहरूपिया उनके नाम का इस्तेमाल करके पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहा था। काम के मोर्चे पर बात करें तो रोनित रॉय जल्द ही 'तीन कौवे' में नजर आएंगे, जिसे रॉय कपूर फिल्म्स और सिद्धार्थ रॉय कपूर द्वारा प्रोड्यूस किया गया है। इस सीरीज को अब्बास टायरवाला ने क्रिएट किया है, जबकि प्रियंका घोष निर्देशक और सह-निर्माता के रूप में जुड़ी हैं।

Advertisement