रोहित शेट्टी के घर पर एंट्री पूरी तरह बंद, 48 घंटों तक सारे काम रद्द
क्या है खबर?
जुहू स्थित आवास 'शेट्टी टावर' पर हुई अंधाधुंध फायरिंग और लॉरेंस बिश्नोई गैंग की खौफनाक धमकी के बाद फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। सुरक्षा कारणों और पुलिसिया जांच का हवाला देते हुए रोहित ने अगले 2 दिन के लिए अपने सारे काम रद्द कर दिए हैं। उन्होंने अजय देवगन सहित फिल्म इंडस्ट्री के अपने तमाम करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों से अपील की है कि वे अगले 48 घंटों तक उनके घर न आएं।
सर्तकता
पूरी तरह सतर्क रोहित शेट्टी
निर्देशक इस वक्त पूरी तरह से मुंबई पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं। वो इस पूरे मामले को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं और फिलहाल पुलिस को अपना विस्तृत बयान दर्ज करा रहे हैं और जांच के हर पहलू में पुलिस की मदद कर रहे हैं। उनके जुहू स्थित आवास 'शेट्टी टावर' की सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई है और वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है, फिर भी रोहित ने अतिरिक्त सावधानी बरतने का फैसला किया है।
फैसला
रोहित ने अपने करीबियों को घर आने से रोका
रोहित ने अपने सभी सहयोगियों से अनुरोध किया है कि वे फिलहाल उनके घर न आएं। वे अपने शुभचिंतकों की फिक्र समझते हुए उनसे जुड़े हुए हैं, लेकिन केवल कॉल और मैसेज के जरिए। उनका मानना है कि इस समय घर पर भीड़ जुटने से जांच प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और सुरक्षा का जोखिम बढ़ सकता है। उन्होंने सुरक्षा कारणों से खुद को बाहरी मुलाकातों से दूर रखा है ताकि पुलिस बिना किसी बाधा के अपना काम कर सके।