रॉबर्ट पैटिनसन ने 'द बैटमैन' के वर्कआउट अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, कह दी यह बात
अभिनेता रॉबर्ट पैटिनसन ने उन अफवाहों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है, जिनमें कहा जा रहा था कि उन्होंने 'द बैटमैन' फिल्म के लिए कोई वर्कआउट नहीं किया।
दरअसल, एक इंटरव्यू में मजाक में कही गई बात के बाद ये अफवाहें फैलने लगी थीं। अब रॉबर्ट ने खुद इन पर सफाई देते हुए 'GQ' मैगजीन को बताया है कि उन्होंने हर दिन कसरत की थी।
उन्होंने कहा, 'मैंने हर दिन वर्कआउट किया। उसके बाद भी मैं ऐसा ही दिखता हूं, जैसे मैंने कभी कसरत की ही न हो। मैं दिन में 2 बार वर्कआउट करता था, कभी-कभी तो सुबह 3 बजे से ही शुरू कर देता था। असल में, मैंने एक इंटरव्यू में कह दिया था कि कसरत करना कूल नहीं है। मैं तो बस कूल दिखने की कोशिश कर रहा था।'
उन्होंने साफ किया कि वे दिन में 2 बार ट्रेनिंग करते थे और कई बार तो सुबह 3 बजे ही इसे शुरू कर देते थे।
रॉबर्ट हैं 'द बैटमैन' के सीक्वल की तैयारी में
ब्रूस वेन के किरदार में वापसी की तैयारी में जुटे रॉबर्ट ने अपने घर पर ही एक जिम बना लिया है और खूब पसीना बहा रहे हैं।
इस सीक्वल में निर्देशक मैट रीव्स और जेफरी राइट, कॉलिन फैरेल जैसे पुराने चेहरे फिर से नजर आएंगे। साथ ही, इसमें स्कारलेट जोहानसन और सेबेस्टियन स्टेन जैसे नए कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखेंगे।
फिल्म की शूटिंग हाल ही में शुरू हुई है और यह फिल्म 1 अक्टूबर, 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।