रितेश-जेनेलिया के बेटे राहिल बने 'युवा शिवाजी', कास्टिंग की कहानी कर देगी हैरान
रितेश देशमुख के 10 साल के बेटे राहिल मराठी फिल्म 'राजा शिवाजी' से अपने अभिनय की शुरुआत कर रहे हैं।
इस फिल्म में वे युवा छत्रपति शिवाजी महाराज का किरदार निभाते दिखेंगे। फिल्म का प्रीमियर 12 सितंबर को रात 8 बजे स्टार गोल्ड पर होगा।
रितेश ने बताया कि राहिल को कास्ट करने में उन्हें शुरुआत में थोड़ी झिझक हुई थी, क्योंकि वे और जेनेलिया आमतौर पर अपने बच्चों को फिल्मों और विज्ञापनों से दूर ही रखते हैं।
मुख्य सहायक निर्देशक ने सुझाया था रितेश के बेटे का नाम
राहिल का चुनाव उनके माता-पिता ने नहीं किया था। बल्कि कई ऑडिशन के बाद एक मुख्य सहायक निर्देशक ने ही उनका नाम सुझाया था।
निर्देशक टीम ने लगभग 10-12 तस्वीरें देखी थीं, फिर 2 और तस्वीरें जोड़ीं। उन्हें लगा कि राहिल इस किरदार के लिए सबसे बेहतर रहेंगे।
शुरुआत में रितेश को यह विचार थोड़ा अजीब लगा, लेकिन बाद में वे सहमत हो गए।
रितेश हैं जेनेलिया के सहयोग के लिए आभारी
रितेश ने बताया कि फिल्म 'राजा शिवाजी' उनके दिल के काफी करीब है। जेनेलिया ने भी उनकी इस भावना का समर्थन किया।
दोनों पति-पत्नी ने इस बारे में भी बात की कि वे पर्दे के पीछे अपने काम और बच्चों की परवरिश के बीच कैसे तालमेल बिठाते हैं।
रितेश खासकर जेनेलिया के आभारी हैं कि वे परिवार को अच्छी तरह से संभालती हैं।