ऋचा चड्ढा को इन फिल्मों ने पहुंचाया फर्श से अर्श तक, IMDb रेटिंग भी शानदार
क्या है खबर?
अभिनेत्री ऋचा चड्ढा बॉलीवुड के उन कलाकारों में से हैं, जिन्होंने खुद के बलबूते सिनेमा में अपनी जगह बनाई है। अपने फिल्मी करियर में उन्होंने अब तक 40 से ज्यादा फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया है। इनमें से कुछ ऐसी फिल्में रही हैं, जिन्होंने ऋचा को फर्श से अर्श तक का सफर कराया है। इन फिल्मों को IMDb पर रेटिंग भी शानदार मिली है। चलिए अभिनेत्री की कुछ ऐसी ही बेहतरीन फिल्मों के बारे में जानते हैं।
#1
'गैंग्स ऑफ वासेपुर'
साल 2012 में आई फिल्म 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' आज भी लोगों के दिल के करीब है। यूं तो फिल्म का हर किरदार दमदार है, लेकिन ऋचा को बिल्कुल किनारे नहीं किया जा सकता। उन्होंने फिलम में 'नगमा खातून' नाम का किरदार निभाया था, जिससे वह रातों-रात मशहूर हो गईं। अपनी अदाकारी के जरिए वह लाखों फैंस का दिल जीतने में कामयाब रहीं, और यहीं से उनकी किस्मत की गाड़ी चल पड़ी। इस फिल्म की IMDb रेटिंग 8.2 है।
#2
'फुकरे' फ्रैंचाइजी
पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा, पंकज त्रिपाठी वाली फिल्म 'फुकरे' ने ऋचा को अलग पहचान दिलाई है। 'भोली पंजाबन' के किरदार ने उन्हें घर-घर में इतना ज्यादा मशहूर बना दिया कि निर्माताओं ने इसकी 3 किस्तें बना डालीं। साल 2013 में आई 'फुकरे' को IMDb पर 6.9 की रेटिंग मिली है। 2017 में इसकी दूसरी किस्त 'फुकरे रिटर्न्स' और 2023 में 'फुकरे 3' आई। तीनों की किस्तों में ऋचा ने अपने दमदार किरदार से दर्शकों का दिल जीता है।
#3 & #4
'मसान' और 'सेक्शन 375'
2015 में ऋचा को 'मसान' में देखा गया था। इसमें पहली बार उनके साथ विक्की कौशल नजर आए। 'देवी पाठक' की भूमिका में नजर आईं अभिनेत्री को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली थी। यही नहीं, फिल्म को कान्स फिल्म फेस्टिवल में स्टैंडिंग ओवेशन भी मिला था। ऋचा की यादगार फिल्मों में 'सेक्शन 375' भी शामिल है, जिसकी IMDb रेटिंग 8.1 है। फिल्म में अभिनेत्री ने सरकारी वकील का दमदार किरदार निभाया था। उनके विपक्ष में अक्षय खन्ना नजर आए थे।