LOADING...
'कैरी ऑन जट्टा 4' की रिलीज पर संकट, फिल्म रोकने बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंचा रिलायंस
रिलीज से पहले फंसी 'कैरी ऑन जट्टा 4'

'कैरी ऑन जट्टा 4' की रिलीज पर संकट, फिल्म रोकने बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंचा रिलायंस

May 28, 2026
01:22 pm

क्या है खबर?

पंजाबी सिनेमा की सबसे ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी 'कैरी ऑन जट्टा' की चौथी किस्त 'कैरी ऑन जट्टा 4' कानूनी पचड़े में फंसती नजर आ रही है। दरअसल, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने फिल्म की रिलीज को रोकने के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की है। रिलायंस के इस अचानक उठाए कदम के बाद फिल्म की तय रिलीज तारीख पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। रिलायंस फिल्म की रिलीज के खिलाफ कोर्ट क्यों पहुंचा, आइए जानते हैं।

कानूनी संकट

रिलीज से पहले 'कैरी ऑन जट्टा 4' पर कानूनी तलवार

आने वाली पंजाबी फिल्म 'कैरी ऑन जट्टा 4' अपनी रिलीज से पहले ही बड़े कानूनी पचड़े में फंस गई है। 26 जून, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली इस बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये पूरा मामला रिलायंस इंडस्ट्रीज, पैनोरमा स्टूडियोज इंटरनेशनल लिमिटेड और हम्बल मोशन पिक्चर्स के बीच एक त्रिपक्षीय कॉन्ट्रैक्ट से जुड़े विवाद के कारण खड़ा हुआ है।

लड़ाई

कोर्टरूम में भिड़े रिलायंस और फिल्म के निर्माता

बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, रिलायंस ने फिल्म के राइट्स और रिलीज को लेकर कोर्ट से तत्काल सुरक्षा और राहत की मांग की है। इस मामले की सुनवाई करते हुए जज ने रिलायंस को अपनी शिकायत में कुछ प्रक्रियात्मक कमियों को सुधारने की अनुमति दी है, साथ ही कंपनी को उचित राहत के लिए वैकेशन कोर्ट जाने की छूट भी दे दी है। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने इस कानूनी मामले की वैधता पर कड़े सवाल उठाए और आपत्ति जताई।

Advertisement

तीखी बहस

कोर्ट में रिलायंस की मांग पर निर्माताओं का पलटवार

कोर्ट में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। रिलायंस के वकील ने मांग उठाई कि फिल्म पर यथास्थिति लागू की जाए, ताकि निर्माता इसके अधिकार किसी और को न बेच सकें, वहीं पैनोरमा स्टूडियोज के वकील ने इसका विरोध कर कहा कि रिलायंस के कोर्ट आने से पहले ही थर्ड-पार्टी डील हो चुकी है। फिल्म की रिलीज तारीख तय हो चुकी है, ऐसे में ये कानूनी जंग तय करेगी कि 'कैरी ऑन जट्टा 4' समय पर आएगी या नहीं।

Advertisement

उम्मीदें

गिप्पी ग्रेवाल की 'कैरी ऑन जट्टा 4' से बड़ी उम्मीदें

'कैरी ऑन जट्टा 4' पंजाबी सिनेमा की एक बेहद लोकप्रिय फ्रेंचाइजी का हिस्सा है, जिसमें गिप्पी ग्रेवाल, बिन्नू ढिल्लों, सरगुन मेहता, गुरप्रीत घुग्गी, दिवंगत जसविंदर भल्ला और करमजीत अनमोल जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे। इस फिल्म से बॉक्स ऑफिस को बड़ी उम्मीदें हैं। इसकी वजह साल 2023 में आई 100 करोड़ कमाने वाली 'कैरी ऑन जट्टा 3' की ऐतिहासिक सफलता है, जिसके नाम आज भी किसी पंजाबी फिल्म के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग (साढ़े 4 करोड़) का रिकॉर्ड है।

Advertisement