जाह्नवी कपूर पर भड़कीं रेजिना कैसेंड्रा- सीन पसंद नहीं तो छोड़ दो, बाद में रोना क्यों?
क्या है खबर?
तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं के साथ होने वाले बर्ताव को लेकर चर्चा जारी है। इस बीच अभिनेत्री रेजिना कैसेंड्रा ने भी अपनी राय रखी है। उन्होंने जाह्नवी कपूर और राधिका आप्टे के अपने अनुभव साझा करने का स्वागत किया, लेकिन उनके बात रखने के तरीके पर सवाल उठाए। रेजिना ने कहा कि ऐसे मुद्दों पर चर्चा करते समय सावधानी बरतनी चाहिए ताकि बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के बीच बेवजह विवाद न बढ़े।
बेबाकी
सीन और किरदार के चित्रण पर रेजिना कैसेंड्रा का बेबाक बयान
इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में रेजिना कैसेंड्रा ने कहा कि अगर कलाकार किसी सीन या अपने किरदार के चित्रण से असहज हैं, तो उन्हें खुलकर स्टैंड लेना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर कलाकार किसी सीन से असहमत हैं तो उन्हें बिना मन के काम करते रहने के लिए मजबूर महसूस नहीं करना चाहिए।
रेजिना ने बेहद सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि आखिरकार हर फैसला कलाकार के अपने हाथ में होता है।
दो टूक
महिला का साथ दूंगी, लेकिन बहानेबाजी नहीं चलेगी
रेजिना ने कहा कि कलाकारों को कभी ये नहीं कहना चाहिए कि उनके पास कोई रास्ता नहीं था।
रेजिना ने साफ कहा कि एक महिला होने के नाते वो हमेशा दूसरी महिलाओं का साथ देंगी। हालांकि, उनके मुताबिक जाह्नवी कपूर और राधिका आप्टे जैसी बड़ी अभिनेत्रियां यह नहीं कह सकतीं कि उनके पास कोई फैसला लेने का अधिकार नहीं था। अगर उन्हें किसी बात से परेशानी थी तो वे फिल्म छोड़ सकती थीं।
पलटवार
"बिना जाने कोई सेट पर नहीं जाता"
जाह्नवी के मुताबिक, उन्हें कई बार पता नहीं होता था कि किसी सीन को कैसे फिल्माया जाएगा।
इस पर रेजिना बोलीं, "साउथ में शूटिंग वाले दिन सुबह 6 बजे भी सीन दिए जाते हैं, लेकिन कलाकारों को कहानी और अपने किरदार की जानकारी पहले से होती है। कोई भी बिना तैयारी सेट पर नहीं पहुंचता। कई फिल्मों में तो शूटिंग शुरू होने से पहले ही पूरी स्क्रिप्ट दे दी जाती है, ताकि कलाकार अपने किरदार को अच्छी तरह समझ सकें।"
सलाह
बॉलीवुड अभिनेत्रियां बिना वजह विवाद न बढ़ाएं- रेजिना
रेजिना ने कहा कि वो जाह्नवी और राधिका के अपनी बात रखने का समर्थन करती हैं, लेकिन बॉलीवुड अभिनेत्रियों को साउथ के बारे में सोच-समझकर बोलना चाहिए। इससे बॉलीवुड और साउथ के बीच विवाद बढ़ सकता है। उनके मुताबिक, इन मुद्दों पर बात करने और उन्हें सुलझाने के कई तरीके हैं।
इसके बाद उन्होंने 'केसरी चैप्टर 2' का अनुभव साझा किया। फिल्म में अक्षय कुमार की पत्नी का किरदार निभाने के बावजूद उन्हें प्रमोशन में शामिल नहीं किया गया था।
खुलासा
धर्मा प्रोडक्शंस पर रेजिना का हमला
जाह्नवी के बयानों पर पलटवार करते हुए रेजिना ने कहा, "धर्मा प्रोडक्शंस की 'केसरी चैप्टर 2' में मुख्य भूमिका निभाने के बावजूद मुझे प्रचार से पूरी तरह बाहर रखा गया। यहां तक कि मुझ पर फिल्माए गए गाने के रिलीज होने पर भी उन्हें न टैग किया गया, न कोई जानकारी दी गई।"
रेजिना ने सवाल उठाया, "क्या दक्षिण भारत से होने की वजह से मेरे साथ ये बर्ताव हुआ? कुल मिलाकर बात का बतंगड़ बनाना मेरी आदत नहीं।"