
'रिफ्यूजी': करीना कपूर नहीं, बल्कि इस अभिनेत्री के साथ बनने वाली थी अभिषेक बच्चन की जोड़ी
क्या है खबर?
अभिषेक बच्चन ने फिल्म 'रिफ्यूजी' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। उनकी यह फिल्म 30 जून, 2000 को रिलीज हुई थी। इसी के साथ अभिषेक ने इंडस्ट्री में 25 साल का शानदार सफर तय कर लिया है। जेपी दत्ता के निर्देशन में बनी 'रिफ्यूजी' में अभिषेक की जोड़ी करीना कपूर के साथ बनी थी। दोनों की केमिस्ट्री लोगों को खूब पसंद आई थी, लेकिन क्या आप जानते हैं करीना फिल्म के लिए निर्माताओं की पहली पसंद नहीं थीं?
रिपोर्ट
बिपाशा बसु ने दिया था स्क्रीन टेस्ट
'रिफ्यूजी' में करीना ने नाज नाम की एक बांग्लादेशी मुस्लिम लड़की का किरदार निभाया था। उन्होंने अपनी मासूमियत से दर्शकों का दिल जीत लिया था। नाज की भूमिका के लिए निर्माताओं की पहली पसंद अभिनेत्री बिपाशा बसु थीं। करीना से पहले निर्माताओं ने बिपाशा से ही संपर्क किया था। उन्होंने इसके लिए हामी भी भर दी है। इतना ही नहीं, अभिषेक के साथ बिपाशा का स्क्रीन टेस्ट भी दिया था, लेकिन बाद में यह फिल्म करीना की झोली में आई।
बयान
अभिषेक ने खुद किया था खुलासा
हाल ही में अभिषेक ने खुद इस बात का खुलासा किया था। उन्होंने कहा था, "मैं ऑडिशन से डरता हूं, क्योंकि मैं इसमें बहुत खराब हूं। एक अभिनेता के तौर पर हम बहुत सारे स्क्रीन टेस्ट देते हैं। हमने 'रिफ्यूजी' के लिए भी स्क्रीन टेस्ट दिया था। मेरा पहला स्क्रीन टेस्ट बिपाशा बसु के साथ था। हम दोनों ने 'रिफ्यूजी' के लिए स्क्रीन टेस्ट दिया था। तब बिपाशा मॉडल थीं, लेकिन बाद में करीना को फिल्म के लिए चुना गया।"
जानकारी
फिल्म 'रिफ्यूजी' ने कमाए थे इतने करोड़ रुपये
14 करोड़ रुपये की लागत में बनी फिल्म 'रिफ्यूजी' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 17.01 करोड़ रुपये कमाए थे, वहीं दुनियाभर में यह फिल्म 34.41 करोड़ रुपये कमाने में सफल रही। इस फिल्म को आप OTT प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।