मुश्ताक खान के जनाजे में नहीं पहुंचा बॉलीवुड, भड़के रजा मुराद- कोई बड़ा चेहरा नहीं आया
क्या है खबर?
दिग्गज अभिनेता रजा मुराद ने मुश्ताक खान के जनाजे में बॉलीवुड के शीर्ष सितारों की गैरमौजूदगी पर गहरा दुख और नाराजगी जताई है। अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म 'वेलकम' में अपनी अलग पहचान बनाने वाले मुश्ताक खान का 24 सितंबर को कैंसर से निधन हो गया था। अगले दिन 25 सितंबर को उनका अंतिम संस्कार किया गया। एक वीडियो में रजा मुराद बॉलीवुड के इस रवैये पर सवाल उठाते दिख रहे हैं।
नाराजगी
मुश्ताक खान के जनाजे में सितारों की दूरी पर भड़के रजा मुराद
अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए एक वीडियो में रजा मुराद ने मुश्ताक के निधन पर गहरा शोक जताया।
इसके साथ ही उन्होंने बॉलीवुड सितारों के अंतिम संस्कार में शामिल न होने पर सवाल खड़े किए।
रजा ने निराशा व्यक्त कर कहा, "अफसोस की बात ये है कि कोई भी स्टार उन्हें अपना आखिरी सलाम पेश करने नहीं आया।" वो अपनी बात दोहराते हुए बोले, "दुख की इस घड़ी में कोई भी बड़ा चेहरा श्रद्धांजलि देने नहीं आया।"
बेरुखी
"50 मिनट का वक्त भी नहीं निकाला"
भले ही रजा ने किसी कलाकार का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने इस पर दुख जताया कि सितारे मुश्ताक खान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 50 मिनट का समय भी नहीं निकाल सके।
दिवंगत अभिनेता के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा, "ना उन्होंने किसी की चमचागिरी की, वो बस अपने काम के बलबूते पर यहां तक पहुंचे हैं।" रजा ने स्पष्ट किया कि मुश्ताक ने अपनी पहचान सिर्फ अपनी प्रतिभा के दम पर बनाई थी।
सबक
दौलत-शोहरत हमेशा नहीं रहती- रजा
अपनी बात खत्म कर रजा ने सभी को याद दिलाया कि पैसा और शोहरत हमेशा नहीं रहते, इसलिए इंसान में विनम्रता होनी चाहिए।
रजा के वीडियो पर फैंस लगातार प्रतिक्रिया देकर उनका समर्थन कर रहे हैं और बॉलीवुड पर जमकर गुस्सा निकाल रहे हैं।
लोगों का कहना है कि अंत सबका तय है और एक दिन सभी सितारों को जाना ही है। एक यूजर ने भड़ास निकालते हुए लिखा, 'सही कहा सर, बॉलीवुड के बड़े सितारे बेशर्म हो गए हैं।'
दुखद
कैंसर से जंग हारे अभिनेता मुश्ताक खान
मुश्ताक ने 24 सितंबर को इस दुनिया को अलविदा कहा था। वो पिछले कुछ दिनों से मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती थे।
उनके निधन के बाद उनके बिजनेस पार्टनर ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि अभिनेता को पहले फेफड़ों का कैंसर हुआ था और इलाज के बाद वो ठीक हो गए थे। हालांकि, इस महीने की शुरुआत में कैंसर फिर से लौट आया। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।