शाहरुख खान में 80 सिगरेट पीने के बावजूद इतनी फुर्ती कैसे? रजा मुराद ने जताई हैरानी
क्या है खबर?
दिग्गज अभिनेता रजा मुराद ने हाल ही में सेट पर शाहरुख खान की ऊर्जा की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि ये देखना बेहद हैरान करने वाला है कि एक दिन में कथित तौर पर 80 सिगरेट पीने के बावजूद सुपरस्टार इतने ऊर्जावान कैसे रहते हैं। इसके साथ ही मुराद ने ये भी राय दी कि शाहरुख के बाद मौजूदा पीढ़ी में रणवीर सिंह ही एकमात्र ऐसे अभिनेता हैं, जिनमें सुपरस्टार बनने की पूरी क्षमता है।
हैरानी
"समझ नहीं आता इतनी ऊर्जा कहां से लाते हैं?"
लल्लनटॉप को दिए एक इंटरव्यू में मुराद ने कहा, "शाहरुख खान के बारे में जो मैं समझता हूं, वो यह है कि वह प्रतिभा से भरे हुए हैं। उनमें गजब की ऊर्जा है। जब वो काम करते हैं, तो किसी 'ह्यूमन डायनेमो' (चलती-फिरती ऊर्जा) की तरह लगते हैं। मुझे बस ये बात समझ नहीं आती कि दिन में 80 सिगरेट पीने के बावजूद, जो कि बेहद नुकसानदायक है, वो इतनी ऊर्जा कैसे जुटा पाते हैं?"
सुपरस्टार
किसे इस पीढ़ी का अगला सुपरस्टार मानते हैं रजा मुराद?
मुराद बोले, "मैंने बच्चन साहब के अलावा उनके जैसा ऊर्जावान इंसान कोई और नहीं देखा। ये उन्हें ईश्वर से मिला हुआ एक तोहफा है।"
मौजूदा पीढ़ी के अगले सुपरस्टार के सवाल पर उन्होंने कहा, "नए कलाकारों को अभी खुद को साबित करना होगा, सिर्फ एक फिल्म काफी नहीं है। यहां तक कि राजेंद्र कुमार के पास भी 'लव स्टोरी' जैसी एक ही बड़ी हिट फिल्म थी, लेकिन मुझे लगता है कि रणवीर सिंह इस पीढ़ी के सुपरस्टार बन सकते हैं।"