Loading...
रवि किशन का खुलासा- पिता मुझे मार डालना चाहते थे, कहते थे ये लड़का 'कलंक' बनेगा
रवि किशन को कलंक मानने लगे थे उनके पिता

रवि किशन का खुलासा- पिता मुझे मार डालना चाहते थे, कहते थे ये लड़का 'कलंक' बनेगा

Nov 26, 2026
04:29 pm

क्या है खबर?

अभिनेता-राजनेता रवि किशन ने 'कॉफी विद करण सीजन 9' के ताजा एपिसोड में अपने शुरुआती संघर्ष के दिनों और अभिनय के सपने के प्रति पिता के कड़े विरोध पर खुलकर बात की। 24 नवंबर को जियो हॉटस्टार पर प्रसारित हुए करण जौहर के इस चैट शो में अक्षय कुमार के साथ नजर आए किशन ने याद किया कि अभिनय चुनने के फैसले पर उनके पिता कभी उन्हें मार डालना चाहते थे। उन्होंने अपने कठिन सफर के कई किस्से साझा किए।

खुलासा

"क्या तुम नाचने-गाने वाले बनना चाहते हो?"

थिएटर के दिनों की एक घटना को याद करते हुए किशन ने कहा, "मेरे पिता पुजारी थे और दूध का कारोबार करते थे। वो चाहते थे कि मैं भी वही कारोबार करूं या फिर कोई सरकारी नौकरी करूं। इसी दौरान शौक के तौर पर थिएटर करते हुए एक बार मैंने साड़ी पहनकर रामलीला में हिस्सा लिया था। इसके बाद पिता ने मेरी जमकर पिटाई की। वो बार-बार पूछते रहे, 'क्या तुम नाचने-गाने वाले बनना चाहते हो?'"

सख्ती

पिता के विरोध और सख्ती पर बोले रवि किशन

किशन ने बताया कि उस समय उनके घर में सिनेमा में करियर बनाना स्वीकार्य नहीं था और तनाव इस हद तक बढ़ गया था कि पिता के गुस्से से बचने के लिए उनकी मां ने उन्हें घर छोड़ने में मदद की थी।

अपने पिता की प्रतिक्रिया की गंभीरता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "मेरे पिता मुझे मार डालना चाहते थे। वो कहते थे, 'ये लड़का कलंक बनेगा, इसको मार ही देते हैं।'"

ADVERTISEMENT

संबोधन

करण जौहर ने रवि किशन को बताया 'बिहार का ब्रैड पिट'

एपिसोड की शुरुआत में करण जौहर ने इस अनोखी जोड़ी का परिचय कराते हुए अक्षय कुमार का बॉलीवुड सुपरस्टार के रूप में स्वागत किया और रवि किशन को 'बिहार का ब्रैड पिट' बताया।

किशन ने अपने मशहूर जुमले, 'जिंदगी झंडवा, फिर भी घमंडवा' के साथ एंट्री की।

करण ने बताया कि किशन को काउच पर लाने का सुझाव अक्षय ने ही दिया था। अक्षय ने कहा, "मैं उनका कॉमेडी पहलू जानता हूं, पर वो असल में बेहद भावुक इंसान हैं।"

ADVERTISEMENT

संघर्ष

...जब बंद होने की कगार पर थी भोजपुरी इंडस्ट्री 

किशन ने ये भी बताया कि काम की तलाश करते हुए एक दिन भोजपुरी फिल्म निर्माता मोहन प्रसाद का फोन आया।

उन्होंने रवि को फिल्म में काम करने का प्रस्ताव दिया। रवि इस प्रस्ताव को लेकर हिचकिचा रहे थे, क्योंकि उस समय भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री लगभग बंद हो चुकी थी और दर्शक फिल्में नहीं देख रहे थे।

मां से सलाह ली। मां ने उन्हें फिल्म करने को कहा और समझाया कि इससे गांव के लोग उन्हें पर्दे पर देख सकेंगे।।

सहारा

आर्थिक और पेशेवर मुश्किल दौर में 'सैयां हमार' बनी सहारा

किशन ने बताया कि ये फिल्म 'सैयां हमार' थी, जो आगे चलकर कल्ट हिट साबित हुई। उस समय वो आर्थिक और पेशेवर तौर पर मुश्किल दौर से गुजर रहे थे।

सलमान खान के साथ 'तेरे नाम' में काम करने के बावजूद उन्हें बॉलीवुड में मनचाहे मौके नहीं मिल रहे थे। ऐसे में इस भोजपुरी फिल्म ने उनके करियर को नई शुरुआत दी।

उन्होंने हिंदी फिल्मों से सीखी बातें भोजपुरी सिनेमा में अपनाईं और अपनी अलग पहचान बनाई।

ADVERTISEMENT