
रवि किशन के 5 यादगार किरदार, जिनमें दिखे उनके अभिनय के अलग-अलग रंग
क्या है खबर?
रवि किशन ने अपने दमदार अभिनय के बलबूते दर्शकों के बीच अपनी एक खास पहचान बनाई है। वह कई भोजपुरी और हिंदी फिल्मों में अपने बेहतरीन अभिनय का दमखम दिखा चुके हैं। रवि ने साल 1992 में आई फिल्म 'पितांबर' के जरिए अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। वे 17 जुलाई को 56 साल के हो गए हैं। आइए इस खास मौके पर हम आपको उनके 5 बेहतरीन किरदारों के बारे में बताते हैं।
#1
'तेरे नाम'
साल 2003 में आई सलमान खान और भूमिका चावला की फिल्म 'तेरे नाम' में रवि के अभिनय के दर्शक कायल हो गए थे। इसमें उन्होंने पंडित रामेश्वर की भूमिका निभाई थी, जो निर्जरा (भूमिका चावला) का मंगेतर है। इस फिल्म से बॉलीवुड में उनका कद और बढ़ गया। दिवंगत निर्देशक और अभिनेता सतीश कौशिक ने फिल्म का निर्देशन किया था और यह बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। 'तेरा नाम' को आप ZEE5 पर देख सकते हैं।
#2
'फिर हेरा फेरी'
नीरज वोरा के निर्देशन में बनी फिल्म 'फिर हेरा फेरी' में रवि ने तोतला विलेन का किरदार निभाया था, जो शरत सक्सेना की गैंग का गुंडा होते है। फिल्म में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया था। इस फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की तिकड़ी नजर आई थी।'फिर हेरा फेरी' साल 2006 में प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी 'हेरा फेरी' का सीक्वल है। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।
#3
'बुलेट राजा'
तिग्मांशु धूलिया के निर्देशन में बनी फिल्म 'बुलेट राजा' में रवि ने खलनायक सुमेर सिंह की भूमिका निभाई थी। फिल्म में उन्होंने एक महिला का गेटअप लिया था, जिसे काफी सराहा गया। साल 2013 में आई इस फिल्म में सैफ अली खान, सोनाक्षी सिन्हा और जिमी शेरगिल लीड रोल में नजर आए थे। अगर आपने रवि की यह फिल्म अब तक नहीं देखी है तो इसे आप OTT प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं।
#4
'लापता लेडीज'
आमिर खान और किरण राव की फिल्म 'लापता लेडीज' ने दर्शकों से खूब वाहवाही लूटी। विदेशों में भी इस फिल्म को पसंद किया गया। इस फिल्म उन्होंने पुलिस अधिकारी श्याम मनोहर का किरदार अदा किया था। कॉमिक अंदाज में उन्होंने अपने किरदार से दर्शकों का दिल जीत लिया। बीते साल रिलीज हुई इस फिल्म में नितांशी गोयल, प्रतिभा रांटा, स्पर्श श्रीवास्तव और छाया कदम जैसे सितारे नजर आए थे। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।
#5
'मामला लीगल है'
रवि की वेब सीरीज 'मामला लीगल है' को काफी पसंद किया गया था। इस लीगल ड्रामा कॉमेडी सीरीज में उन्होंने वकील विशेश्वर डी. त्यागी का किरदार निभाया था। रवि के अलावा इसमें निधि बिष्ट, यशपाल शर्मा, तन्वी आजमी, नैला ग्रेवाल और अनंत वी जोशी जैसे सितारों ने भी अहम भूमिका निभाई थी। 'मामला लीगल है' के दूसरे सीजन को भी दर्शकों का खूब प्यार मिला था। इस सीरीज को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।