KGF 2 के बाद रवीना टंडन का अगला धमाका, शिव राजूकुमार संग 'ए फॉर आनंद' की शूटिंग शुरू
अभिनेत्री रवीना टंडन ने अपनी नई कन्नड़ फिल्म ‘ए फॉर आनंद’ की शूटिंग शुरू कर दी है। इस फिल्म में वह पहली बार अभिनेता शिव राजूकुमार के साथ पर्दे पर नजर आएंगी।
बेंगलुरु की प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी में फिल्म का फिल्मांकन शुरू हुआ। यहीं पर एक ‘इन्वेस्टीचर सेरेमनी’ के दौरान यूनिवर्सिटी के संस्थापक-अध्यक्ष डॉ. निसार अहमद ने रवीना का सम्मान किया।
गीता पिक्चर्स 'ए फॉर आनंद' का कर रहे हैं निर्माण
‘ए फॉर आनंद’ का निर्माण गीता पिक्चर्स के बैनर तले गीता शिव कर रही हैं। फिल्म का संगीत अर्जुन जन्या ने दिया है, जबकि महेंद्र सिंहा ने इसे फिल्माया है।
अभिनेता शिव हाल ही में अपनी फिल्म 'बेल' के साथ पर्दे पर आए थे और उनके पास कई और प्रोजेक्ट्स भी हैं।
वह अब रवीना के साथ इस बहुप्रतीक्षित फिल्म में काम कर रहे हैं। रवीना भी कन्नड़ सिनेमा के लिए नई नहीं हैं। उन्होंने 'KGF: चैप्टर 2' और 'उपेंद्र' जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया है।