
रतन टाटा ने अमिताभ बच्चन के साथ बनाई थी ये पहली फिल्म, क्यों छोड़ी फिल्मी दुनिया?
क्या है खबर?
दिग्गज कारोबारी रतन टाटा के निधन से पूरा देश सदमे में है। उनके निधन ने हर किसी को गम में डुबा दिया है।
रतन टाटा ने अलग-अलग क्षेत्रों में हाथ आजमाया और बुलंदियों को छुआ, लेकिन एक काम ऐसा रहा, जिसमें वो असफल रहे।
ये काम था फिल्म प्रोडक्शन का, जिसमें असफल हो जाने के बाद रतन टाटा ने इससे हमेशा के लिए तौबा कर लिया।
उनके जीवन की पहली और आखिरी फिल्म के हीरो अमिताभ बच्चन थे।
फिल्म
2004 में बनाई थी फिल्म
रतन टाटा की बनाई इकलौती फिल्म 'ऐतबार' है, जो 2004 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को उन्होंने जितिन कुमार, खुशबू भधा और मंदीप सिंह के साथ मिलकर बनाया था।
फिल्म के निर्देशन की कमान विक्रम भट्ट ने संभाली थी। इसमें अमिताभ के अलावा जॉन अब्राहम, सुप्रिया पिलगांवकर, बिपाशा बसु, अली असगर और टॉम आल्टर जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं।
इस फिल्म को संगीत राजेश रोशन ने दिया था।
कहानी
क्या थी फिल्म की कहानी?
'ऐतबार' 1996 में रिलीज हुई अमेरिकी फिल्म 'फियर' का हिंदी रीमेक थी। इस पर पहले भी 'इंतेहा' नाम की एक हिंदी फिल्म बन चुकी थी। खास बात ये है कि इस फिल्म को भी विक्रम भट्ट ने ही निर्देशित किया था और ये अक्टूबर, 2003 में पर्दे पर आई थी।
ऐतबार' की कहानी एक पिता की है, जो अपनी बेटी को एक जुनूनी प्रेमी से बचाने की हर संभव कोशिश करता है, लेकिन बेटी पिता की एक नहीं सुनती।
असफल
फ्लॉप हो गई थी फिल्म
रतना टाटा ने बड़े शौक से फिल्म 'ऐतबार' से प्रोडक्शन की दुनिया में कदम रखा था। वह अपनी पहली फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित भी थे, लेकिन अफसोस उनकी यह फिल्म न तो दर्शकों को पसंद आई और ना ही इसे समीक्षकों से हरी झंडी मिली।
बॉक्स ऑफिस पर भी यह फिल्म फ्लॉप हो गई थी। लगभग साढ़े 9 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में केवल 8 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
पहली और आखिरी फिल्म
'ऐताबर' बनी रतन टाटा के जीवन की आखिरी फिल्म
'ऐतबार' रतन टाटा के जीवन की आखिरी फिल्म बन गई, क्योंकि इसके फ्लॉप हो जाने के बाद रतन टाटा ने फिल्मी दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया।
बता दें कि रतन टाटा, टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी टाटा के परपोते थे। वह 1990 से 2012 तक समूह के अध्यक्ष थे। उनके कार्यकाल में समूह ने कई मुकाम हासिल किए।
2008 में केंद्र सरकार ने रतन टाटा को दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान 'पद्म विभूषण' से सम्मानित किया था।