रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा 2 रस्मों से करेंगे शादी, देखें मेहमानों की सूची
क्या है खबर?
अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी का जश्न शुरू हो चुका है। उनकी शादी की झलकियां सोशल मीडिया पर लगातार देखने को मिल रही हैं। यह भी पता चला है कि दोनों 2 रस्मों के साथ शादी करेंगे। फिलहाल तो उनकी शादी के सभी कार्यक्रम निजी रखे जा रहे हैं जिसमें कुछ चुनिंदा मेहमान ही शामिल होंगे। इस बीच, रश्मिका और विजय की शादी का गवाह बनने वाले मेहमानों की सूची भी सामने आ गई है।
शादी
रश्मिका और विजय की शादी
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, रश्मिका और विजय की पहली शादी 26 फरवरी की सुबह तेलुगु हिंदू रीति-रिवाजों के साथ होगी। शाम को कोडवा समारोह होगा, जिसमें रश्मिका की जड़ों का जश्न होगा। इसके अलावा, विजय की मां माधवी देवरकोंडा ने अपनी होने वाली बहू, रश्मिका को परंपरा के अनुसार खानदानी चूड़ियां उपहार में दी हैं। रश्मिका और विजय ने 22 फरवरी को सोशल मीडिया के जरिए अपनी शादी की आधिकारिक घोषणा की थी।
सूची
शादी समारोह का हिस्सा बनेंगे ये मेहमान
न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, रश्मिका और विजय की शादी में निर्देशक थारुन भास्कर शामिल होंगे, जो अभिनेता के साथ फिल्म 'पेल्ली चूपुलु' में काम कर चुके हैं। वह अभिनेत्री ईशा रेब्बा के साथ सबसे पहले जश्न में पहुंचे हैं। कपल की करीबी दोस्त और स्टाइलिस्ट श्राव्या वर्मा भी शादी फंक्शन में एंट्री लेती दिखाई दी हैं। इसके अलावा, रश्मिका की फिल्म 'द गर्लफ्रेंड' के निर्देशक आशिका रंगनाथ और राहुल रविंद्रन भी 'विरोश की शादी' में शामिल हुए हैं।