राशा थडानी को भाए राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी, 'लगन लगी रे' में जमेगी जोड़ी
पिछले साल फिल्म 'आजाद' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने वाली राशा थडानी अब वीर हिरानी की पहली फिल्म 'लगन लगी रे' में उनके साथ नजर आएंगी। राशा ने अपनी शुरुआत से ही 'लैके लैका' और 'श्रीनिवास मंगपुरम' जैसी फिल्मों में अलग-अलग जॉनर में हाथ आजमाया है। उनका कहना है कि डांस ने उन्हें हमेशा फिट रहने में मदद की है।
हाल ही में राशा ने वीर की जमकर तारीफ की।
अलग-अलग तरह के रोल के लिए तैयार राशा
वीर हिरानी के साथ कुछ स्क्रिप्ट रीडिंग करने के बाद राशा ने उनकी तारीफ की। उन्होंने बताया, "हम कुछ रीडिंग कर चुके हैं, वीर बहुत अच्छे इंसान हैं और बेहद प्रतिभाशाली हैं।" वो अब फिल्म की शूटिंग शुरू करने को लेकर काफी उत्साहित हैं। राशा साफ कहती हैं कि वो किसी एक तरह के रोल में बंधकर नहीं रहना चाहतीं। राशा रोमांस से लेकर हॉरर तक, हर तरह की फिल्म करने को तैयार हैं। उन्होंने अपनी बात को सीधे-सीधे कहा, "मैं हर तरह का काम करने की कोशिश कर रही हूं।"