मिर्जापुर गाने 'शूरवीर' के क्रेडिट विवाद पर म्यूजिक लेबल ने दिया जवाब, जानिए क्या बोले?
राजस्थानी रैपर रैपरिया बालाम ने 'मिर्जापुर द मूवी' के निर्माता पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फिल्म में उनके गाने 'शूरवीर' का इस्तेमाल बिना उनकी अनुमति के किया गया है।
कुछ समय पहले रिलीज हुई इस फिल्म में उनके इस गाने को, जो महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि देता है, गैंगस्टर वाले एक सीन में दिखाया गया।
इस बात ने रैपरिया को बहुत ठेस पहुंचाई है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी बात रखते हुए कहा कि काश फिल्म बनाने वालों ने उनसे संपर्क किया होता।
बालाम ने लिखा, 'अगर 'मिर्जापुर' की टीम मुझसे बात करती और कहती, 'रैपरिया भाई, हम आपका गाना इस्तेमाल करना चाहते हैं,' तो हम उन्हें गाने से जुड़े 10 और आइडिया दे सकते थे।'
ट्रूपर रिकॉर्ड्स ने सफाई देते हुए कही ये बात
'शूरवीर' गाने को रिलीज करने वाली ऑफिशियल लेबल ट्रूपर रिकॉर्ड्स ने इस पर अपनी सफाई दी है। उनका कहना है कि उन्होंने एक्सल एंटरटेनमेंट को गाने का आधिकारिक लाइसेंस दिया था और रैपरिया को गायक व संगीतकार के तौर पर क्रेडिट भी दिया था।
हालांकि, इससे कानूनी तौर पर तो कोई सवाल नहीं उठता, लेकिन यह रैपरिया की असल परेशानी को दूर नहीं करता। रैपरिया की शिकायत बस इतनी है कि वे चाहते थे कि उनका गाना किसी और की कहानी का हिस्सा बनने से पहले उनसे एक बार बात की जाए।