'डॉन 3' विवाद: रणवीर सिंह की टीम ने जारी किया बयान, बताया क्यों चुप हैं अभिनेता
क्या है खबर?
रणवीर सिंह इस वक्त फिल्म 'डॉन 3' के विवाद के चलते सुर्खियों में बने हुए हैं। 25 मई को फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने सख्त कदम उठाते हुए अभिनेता के खिलाफ 'नॉन कॉपरेटिव डायरेक्टरी' जारी कर दिया। इसका सीधा मतलब हुआ कि अब फेडरेशन से जुड़े कर्मचारी, अन्य सदस्य और टेक्नीशियन रणवीर या उनकी किसी परियोजना के साथ काम नहीं करेंगे। अब रणवीर के प्रवक्ता ने मामले को लेकर एक आधिकारिक बयान जारी किया है।
चुप्पी
बयान में बताया गया कि क्यों चुप हैं रणवीर
एक आधिकारिक बयान में, रणवीर के प्रवक्ता ने कहा, "रणवीर सिंह फिल्म जगत और 'डॉन 3' से जुड़े सभी लोगों के प्रति बहुत सम्मान रखते हैं। उन्होंने जानबूझकर चुप्पी साधे रखी है, क्योंकि उनका मानना है कि कामकाजी चर्चाओं और व्यक्तिगत संबंधों को गरिमा, परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ संभालना चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक रूप से जवाब देना या अटकलों में योगदान देना जरूरी नहीं समझा। उनका पूरा ध्यान अपने काम और आगे की प्रतिबद्धताओं पर केंद्रित है।"
मामला
'डॉन 3' को बीच में छोड़ने से खफा है निर्माता
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब रणवीर ने फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' से खुद को अलग कर लिया। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि अभिनेता और निर्माताओं के बीच रचनात्मक मतभेद थे। चूकि परियोजना की तैयारी हो चुकी थी, इसलिए रणवीर के पीछे हटने से निर्माताओं को झटका लगा। इस कारण फरहान की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर से 40 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की। विवाद बढ़ने के कारण FWICE को मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा।