फिल्म 'डॉन 3' विवाद में रणवीर सिंह की बढ़ी मुश्किलें, FWICE ने अभिनेता पर लगाया प्रतिबंध
क्या है खबर?
रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच फिल्म 'डॉन 3' को लेकर उपजा विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। ताजा जानकारी है कि मामले में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने रणवीर पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही असहयोग का निर्देश जारी करते हुए उद्योग को उनके साथ काम न करने का निर्देश दिया है। यह फैसला 'डॉन 3' निर्माताओं द्वारा रणवीर की FWICE को शिकायत किए जाने के एक दिन बाद आया है।
विवाद
'डॉन 3' को बीच में छोड़ने से बढ़ा विवाद
इंडिया टुडे के मुताबिक, 'डॉन 3' विवाद में FWICE ने तब हस्तक्षेप किया जब खबरें आईं कि रणवीर ने फिल्म की शूटिंग शुरू होने से कुछ दिन पहले परियोजना से किनारा कर लिया। इसी मामले में, FWICE ने रणवीर के खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी किया, जिससे उन पर प्रभावी रूप से प्रतिबंध लग गया है। इस दौरान मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने फिल्म निर्माण के आखिरी वक्त में फिल्म छोड़ने की कथित प्रवृत्ति की आलोचना की भी।
कारण
इस कारण 'डॉन 3' से बाहर हुए थे रणवीर
कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि रणवीर 'डॉन 3' की स्क्रिप्ट (कहानी) को लेकर असंतुष्ट थे, इसलिए उन्होंने आखिरी वक्त पर अपने कदम पीछे खींच लिए। हालांकि, मामले ने उस वक्त तूल पकड़ा, जब खबर आई कि फरहान और उनकी कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं। उनका तर्क था कि फिल्म बनाने के लिए तैयारियों पर बड़ा खर्च किया गया था। रणवीर के पीछे हटने से काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।