'धुरंधर 2' बनी उत्तरी अमेरिका की नई सुल्तान, 'बाहुबली 2' का 9 साल पुराना साम्राज्य ध्वस्त
क्या है खबर?
आदित्य धर की 'धुरंधर 2' ने उत्तरी अमेरिका बॉक्स ऑफिस पर 'बाहुबली 2' के 9 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर इतिहास रच दिया है। हैरानी की बात है कि जिस रिकॉर्ड को 'RRR', 'पठान' और 'कल्कि 2898 AD' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में भी नहीं छू सकी थीं, उसे 'धुरंधर 2' ने महज 11 दिनों में अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत पर 'बाहुबली' की टीम ने भी खुले दिल से आदित्य धर और उनकी पूरी टीम को बधाई दी है।
उपलब्धि
बाहुबली के अजय रिकॉर्ड को तोड़कर बनाया नया कीर्तिमान
पिछले 9 वर्षों से 'बाहुबली 2' उत्तरी अमेरिका में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म के रूप में राज कर रही थी। इस दौरान 'RRR', 'पठान', 'कल्कि 2898 AD' और 'पुष्पा 2' जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्में आईं, लेकिन कोई भी इस जादुई आंकड़े को पार नहीं कर सकी। अब 'धुरंधर 2: द रिवेंज' ने इस रिकॉर्ड को न सिर्फ चुनौती दी, बल्कि महज 11 दिनों में इसे तोड़कर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
कारनामा
दशक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड सिर्फ 11 दिनों में धराशायी
जिस रिकॉर्ड को तोड़ने में एक दशक बीत गया, 'धुरंधर 2' ने उसे महज 11 दिनों में अपने नाम कर लिया। 'बाहुबली' ने वहां 174 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर पहाड़ जैसा रिकॉर्ड बनाया था, जिसे 'धुरंधर 2: द रिवेंज' ने न सिर्फ चुनौती दी, बल्कि महज 11 दिनों में इसे पार कर इतिहास रच दिया है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, 'धुरंधर 2' अब तक उत्तरी अमेरिका में 192 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।
सराहना
'बाहुबली 2' के निर्माताओं ने भी माना 'धुरंधर 2' का लोहा
फिल्म 'धुरंधर 2' द्वारा उत्तरी अमेरिका में नया कीर्तिमान स्थापित करने के बाद 'बाहुबली' के निर्माताओं ने भी इस ऐतिहासिक पल का जश्न मनाया। उन्होंने फिल्म के आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक विशेष पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'आदित्य धर और 'धुरंधर 2: द रिवेंज' की पूरी टीम को 'बाहुबली 2' का 9 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने और भारत, अमेरिका व दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस के नए मानक स्थापित करने के लिए बहुत-बहुत बधाई।'
कहानी
दुश्मन के घर में घुसकर आतंकी नेटवर्क का खात्मा
'धुरंधर 2' एक भारतीय जासूस जसकीरत सिंह रंगी (रणवीर सिंह) की रोंगटे खड़े कर देने वाली यात्रा है। मिशन के तहत वह अपनी पहचान बदलकर हमजा अली मजारी बन जाता है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे हमजा पाकिस्तान के लयारी में राजनीतिक और अंडरवर्ल्ड की सीढ़ियां चढ़ता है, ताकि वहां के आतंकी नेटवर्क को जड़ से खत्म कर सके। इसमें अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
जानकारी
भारत में 800 करोड़ पार
इन आंकड़ों के साथ फिल्म ने न केवल उत्तरी अमेरिका में 'बाहुबली 2' का रिकॉर्ड तोड़ा है, बल्कि भारत और वैश्विक स्तर पर भी अपनी धाक जमा ली है। भारत में ये 800 करोड़ पार तो दुनियाभर में ये 1,250 करोड़ रुपये बटोर चुकी है।