LOADING...
कमल हासन ने फिल्म बिरादरी को चिट्ठी लिख पूछा- हर लव स्टोरी पेरिस-स्विट्जरलैंड में ही क्यों?
कमल हासन की भारतीय फिल्म बिरादरी को खुली चिट्ठी

कमल हासन ने फिल्म बिरादरी को चिट्ठी लिख पूछा- हर लव स्टोरी पेरिस-स्विट्जरलैंड में ही क्यों?

May 16, 2026
10:59 am

क्या है खबर?

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और फिल्मों की लगातार बढ़ती लागत के बीच दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने फिल्म इंडस्ट्री के नाम एक खुली चिट्ठी लिखकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। कमल ने निर्माताओं की विदेशों में शूटिंग करने की होड़ पर तंज कसते हुए सीधा सवाल दागा है कि आखिर हर लव स्टोरी पेरिस में ही क्यों खिलनी चाहिए? उन्होंने मौजूदा वैश्विक संकट को देखते हुए भारतीय सिनेमा के फिल्म मेकर्स से सख्त अपील की है।

कदम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद कमल का बड़ा कदम

पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट और देश में आर्थिक दबाव के बीच सुपरस्टार और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से फिजूलखर्ची रोकने की बड़ी अपील की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश से संयम बरतने के आह्वान के बाद कमल ने साफ शब्दों में फिल्म जगत में पैर पसार चुके आलीशान कल्चर पर हमला बोलते हुए सितारों के भारी-भरकम स्टाफ और फिल्मों में होने वाली फिजूलखर्ची पर तुरंत लगाम लगाने की मांग की है।

सवाल

कमल ने विदेशी शूटिंग पर उठाए सवाल

विदेशी जगहों पर होने वाले भारी-भरकम खर्चों पर सवाल उठाते हुए कमल ने पूछा, "आखिर हर लव स्टोरी सिर्फ पेरिस में ही क्यों खिलनी चाहिए?" उन्होंने तर्क दिया कि ईंधन, ऊर्जा, आवाजाही और साजो-सामान के खर्च को प्रभावित कर रहा मौजूदा वैश्विक संकट अब फिजूलखर्ची की इजाजत नहीं देता। ऐसे में इंडस्ट्री को विदेशों में महंगे दौरों के बजाय कड़े प्रोडक्शन अनुशासन (बजट कंट्रोल) अपनाने और स्थानीय स्तर पर काम करने के लिए अपना आत्मविश्वास बढ़ाने की सख्त जरूरत है।

Advertisement

चेतावनी

दी निर्माताओं को नसीहत

कमल ने चेतावनी देते हुए कहा कि ये संकट ऐसे समय में आया है, जब फिल्मों का बजट पहले से ही आसमान छू रहा है और बॉक्स ऑफिस की रिकवरी अब भी उतार-चढ़ाव से गुजर रही है। कमल ने आगे जोड़ा कि इसका असर सिर्फ फिल्म निर्माण (प्रोडक्शन) तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बढ़ती महंगाई आने वाले महीनों में मनोरंजन पर खर्च करने की आम दर्शकों की क्षमता को भी प्रभावित कर सकती है।

Advertisement

दो टूक

दिखावे पर नहीं, कहानी पर खर्च करें पैसा- कमल

दिग्गज अभिनेता ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री को इन समस्याओं का समाधान समय रहते खुद निकालना होगा, इससे पहले कि मंदी का बोझ दिहाड़ी मजदूरों और क्रू मेंबर्स पर पड़े। 71 वर्षीय अभिनेता ने कहा कि आर्थिक दबाव का असर निर्माता, मजदूर, सिनेमाघर, वितरक और फाइनेंसर समेत पूरी इंडस्ट्री पर पड़ेगा। कमल ने जोर देकर कहा कि फिल्म का हर रुपया कहानी को मजबूत करने में लगना चाहिए, सिर्फ दिखावे की भव्यता पर नहीं।

सलाह

पेरिस-स्विट्जरलैंड छोड़ भारत में शूटिंग करने पर जोर

कमल ने तंज कसते हुए पूछा, "हर लव स्टोरी पेरिस में ही क्यों खिले और हर हनीमून स्विट्जरलैंड में ही क्यों खत्म हो?" उन्होंने जोर दिया कि रोमांस के लिए विदेशी मुद्रा खर्च करने की जरूरत नहीं। भारतीय सिनेमा और देशवासियों को खुद पर और अपने देश की लोकेशंस पर ज्यादा भरोसा दिखाना चाहिए। कमल ने ये भी कहा कि आर्थिक सुधार के नाम पर सेट पर काम करने वाले मजदूरों के हक और सुविधाओं से समझौता नहीं होना चाहिए।

Advertisement