डिलीवरी बॉयज 5 घंटे तक नहीं लेंगे फूड ऑर्डर, जानिए क्यों कर रहे हड़ताल
क्या है खबर?
गिग एंड प्लेटफॉर्म सर्विस वर्कर्स यूनियन (GIPSWU) ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और कम वेतन के विरोध में शनिवार को देशव्यापी अस्थायी हड़ताल का आह्वान किया है। यूनियन ने ऐप-आधारित प्लेटफॉर्म से जुड़े कैब चालकों और डिलीवरी पार्टनर्स से दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे के बीच सेवाएं बंद करने का आग्रह किया है। गिग वर्कर्स (डिलीवरी बॉयज) जोमैटो, स्विगी, ब्लिंकिट, जेप्टो के ऐप बंद रखेंगे। इस दौरान आप ऑनलाइन खाने का ऑर्डर नहीं कर सकेंगे।
मांग
यूनियन ने रखी यह मांग
सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि के बाद ऐप आधारित चालक और डिलीवरी वर्कर आर्थिक रूप से प्रभावित होने की आशंका जता रहे हैं। यूनियन के अनुसार, इसका सीधा असर भारत के 1.2 करोड़ गिग वर्कर्स पर पड़ेगा। इससे उनके बीच बड़े पैमाने पर पलायन होने की भी संभावना है। यूनियन अध्यक्ष सीमा सिंह ने सरकार और कंपनियों से प्रति किलोमीटर 20 रुपये की न्यूनतम सेवा दर घोषित करने का आग्रह किया।
असर
हड़ताल का क्या पड़ेगा असर?
ऐप बंद रखने की वजह से जोमैटो, स्विगी, ब्लिंकिट और जेप्टो पर आने वाले आपके ऑर्डर्स डिलीवरी बॉयज को नहीं मिलेंगे और 5 घंटे तक ऐसा ही चलेगा। बता दें कि दिल्ली, नोएडा, गुरूग्राम, बेंगलुरू, मुंबई, पुणे जैसे तमाम बड़े शहरों की एक बड़ी आबादी अपनी रोजमर्रा की जिंदगी के लिए इन ऐप्स पर काफी निर्भर रहती है। ऐसे में गिग वर्कर्स द्वारा की जाने वाली ये हड़ताल आम लोगों को काफी प्रभावित कर सकती है।