रणवीर सिंह-रोहित शेट्टी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की नई धमकी, कहा- पूरे स्टाफ को मार देंगे
क्या है खबर?
अभिनेता रणवीर सिंह और मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर आ गए हैं। इस बार बिश्नोई गैंग के गुर्गे हैरी बॉक्सर ने एक बेहद डरावना ऑडियो संदेश जारी किया है, जिसमें न केवल इन सितारों को बल्कि उनके साथ काम करने वाले पूरे स्टाफ को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस खौफनाक चेतावनी के बाद दोनों सितारों की सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है।
शिकायत
शिकायत करने पर भड़का बिश्नोई गैंग
जानकारी के मुताबिक, ये धमकी हाल ही में सितारों द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई एक शिकायत के विरोध में दी गई है। गैंग की ओर से साफ कहा गया है कि पुलिस का सहारा लेना उन्हें भारी पड़ सकता है। इस चेतावनी के बाद पूरी इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। हमलावर ने दावा किया है कि उसके पास केवल सितारों की ही नहीं, बल्कि उनके पूरे स्टाफ की गतिविधियों का ब्यौरा है।
चेतावनी
पूरे स्टाफ को खत्म करने की धमकी
एक ऑडियो क्लिप के जरिए रणवीर-रोहित को दी धमकी में साफ कहा गया है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो न केवल दोनों को, बल्कि उनके पूरे स्टाफ को मौत के घाट उतार दिया जाएगा। खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले सदस्य ने कहा, "मुकरने की सजा क्या होती है, तुम्हें बताएंगे।" कथित ऑडियो में धमकी देने वाला कहता है, "लाइन पे आ जाओ, अगर नहीं आए तो बाद में देखना क्या करते हैं हम लोग।"
धमकी
तेरी सात पीढ़ियां भी हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगी- बिश्नोई गैंग
इंडिया टुडे के मुताबिक, रणवीर और रोहित के खिलाफ बिश्नोई गैंग का गुस्सा अब सातवें आसमान पर है। गैंग की ओर से जारी एक डरावने वॉयस नोट में रणवीर को सीधेतौर पर निशाने पर लिया गया है। हमलावर ने कहा, "रणवीर सिंह, तुझे सलाह देने और पुलिस रिपोर्ट करने का बहुत शौक है, अब हम तेरा वो हाल करेंगे कि तेरी सात पीढ़ियां याद रखेंगी।" वॉयस नोट में दोनों को 'लाइन पे आने' की अंतिम चेतावनी दी गई है
वॉयस नोट
"तुम्हारे स्टाफ के घरों का पूरा ब्यौरा हमारे पास है"
वायरल हो रहे वॉयस नोट में हमलावर का लहजा बेहद आक्रामक है। वो कहता है, "ये वॉयस नोट रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी तेरे लिए है। तुम्हारे नीचे जो मैनेजर और जितने भी लोग काम करते हैं, उन सबका ब्यौरा हमारे पास है। वे कब ऑफिस जाते हैं, परिवार कहां रहता है, सब पता है। तुम्हें कुछ नहीं बोलेंगे, पहले तुम्हारे स्टाफ की ऐसी-तैसी करेंगे, तब तुम्हारी अक्ल ठिकाने आएगी।"
संदेह
मुंबई पुलिस को AI के गलत इस्तेमाल का शक
मुंबई पुलिस ने रणवीर और रोहित को मिली कथित ऑडियो धमकी पर बड़ा स्पष्टीकरण दिया है। पुलिस का कहना है कि आज के दौर में AI तकनीक के जरिए नकली वॉयस मैसेज बनाना बेहद आसान है, जिससे असली खतरे और नकल करने वाले अपराधियों के बीच फर्क करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। पुलिस ने पुष्टि की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस ऑडियो की गहन जांच की जाएगी ताकि इसकी सच्चाई सामने आ सके।