'सेवा संकल्प अभियान' में शामिल होंगे रणवीर सिंह, लड़कियों के लिए करेंगे ये नेक काम
क्या है खबर?
रणवीर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर शुरू हुए 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत लड़कियों के लिए नेक काम करने का संकल्प लिया है। गणेश उत्सव के लिए लालबागचा राजा के पंडाल में पहुंचकर अभिनेता ने खुद इस बात का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वह 1,000 लड़कियों की शिक्षा में सहयोग देंगे। अपनी यात्रा के दौरान, रणवीर ने गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया और उम्मीद जताई कि उनका यह संकल्प भगवान को खुश करेगा।
कदम
बेटियों की शिक्षा में सहयोग करेंगे रणवीर
न्यूज 18 से बातचीत में, रणवीर ने कहा, "बप्पा की कृपा से पिछला साल मेरे और मेरे परिवार के लिए खुशियों से भरा रहा। इसलिए हम यहां उन्हें धन्यवाद देने और आगे के सफर के लिए उनका आशीर्वाद लेने आए हैं। गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर और हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जयंती के अवसर पर, मैं सेवा संकल्प अभियान में शामिल होने और 1,000 बेटियों की शिक्षा में सहयोग करने का संकल्प लेता हूं।"
उम्मीद
बप्पा से परिवार के लिए मांग आशीर्वाद
अभिनेता ने उम्मीद जताते हुए आगे कहा, "मुझे आशा है कि बप्पा इस पहल से प्रसन्न हाेंगे और उनका आशीर्वाद हम पर सदा बना रहेगा।"
रणवीर के अलावा, कई और मशहूर हस्तियां भी भाजपा द्वारा शुरू किये 'सेवा संकल्प अभियान' में हिस्सा ले रही हैं।
हाल ही में, आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने भी इस पहल के जरिए BMC के 20 स्कूलों का जीर्णोद्धार करने में सहयोग देने का संकल्प लिया है।