रणविजय सिंह ने 'मिसमैच्ड सीजन 4' के सेट से दिखाई BTS तस्वीरें, उत्साहित हुए फैंस
क्या है खबर?
रोहित सराफ और प्राजक्ता कोली की लोकप्रिय सीरीज 'मिसमैच्ड' के चौथे सीजन का ऐलान पिछले साल हुआ था। इस सीरीज के अब तक 3 सीजन आ चुके हैं, जिन्हें दर्शकों ने भर-भरकर अपना प्यार दिया है। फैंस चौथे और आखिरी सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बीच BTS तस्वीरों ने उनका उत्साह बढ़ा दिया है। दरअसल, रणविजय सिंह ने शूटिंग के पहले दिन की BTS तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा किया है।
शूटिंग
'मिसमैच्ड 4' के लिए साथ आए ये सितारे
सीरीज में 'प्रोफेसर सिद्धार्थ सिन्हा' का किरदार निभाने वाले रणविजय ने हाल ही में शूटिंग शुरू की है। सेट से कुछ BTS तस्वीरों को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर साझा किया और लिखा, 'शूटिंग का पहला दिन। मैंने इस किरदार को करीब 7 साल तक जिया है और मैं सिड के लिए बहुत आभारी और शुक्रगुजार हूं। हम इस कहानी को वो अंजाम देने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं, जिसकी वो हकदार है... चलिए शुरू करते हैं।'
उत्साह
BTS तस्वीरों पर लोगों ने दी प्रतिक्रिया
उधर तस्वीरों ने फैंस को अभी से उत्साहित कर दिया है। एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, 'सीजन 4 जल्दी आ जाओ।' दूसरे ने लिखा, 'वाह!!! सिड सर वापस आ गए हैं।' दिव्यांग ठक्कर द्वारा निर्देशित और गज़ल धालीवाल द्वारा निर्मित 'मिसमैच्ड 4' में अहसास चन्ना, मुस्कान जाफरी, तारुक रैना और अभिनव शर्मा भी अपने-अपने किरदारों में वापसी करेंगे। अन्य सीजन की तरह इसका प्रीमियर भी नेटफ्लिक्स पर किया जाएगा। प्रीमियर तारीख का ऐलान होना अभी बाकी है।