कान्स 2026 में गूंजेगी अहसास चन्ना की 'गुदगुदी', दुनियाभर के फिल्म खरीदारों की रहेगी नजर
क्या है खबर?
कान्स फिल्म फेस्टिवल के प्रतिष्ठित रेड कार्पेट पर एक बार फिर भारतीय सिनेमा की चमक दिखाई दे रही है। मशहूर अभिनेत्री अहसास चन्ना की फिल्म 'गुदगुदी' ने कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 के 'मार्चे डू फिल्म' सेगमेंट में जगह बनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमा ली है। ये फिल्म न केवल अहसास के करियर का एक बड़ा मील का पत्थर है, बल्कि यह वैश्विक मंच पर भारतीय कहानियों की बढ़ती ताकत का भी प्रतीक है।
उपलब्धि
सिनेमा के सबसे बड़े केंद्र कान्स में दिखेगा 'गुदगुदी' का दम
कान्स 2026 में 'गुदगुदी' के चयन ने इस फिल्म को मजबूती के साथ वैश्विक मानचित्र पर स्थापित कर दिया है। ये फिल्म कान्स के सबसे प्रतिष्ठित मार्चे डू फिल्म सेगमेंट का हिस्सा बनने जा रही है, जो दुनियाभर के फिल्म निर्माताओं और खरीदारों का सबसे बड़ा केंद्र है। यहां दुनियाभर के फिल्म निर्माता और विशेषज्ञ बेहतरीन सिनेमा की तलाश में जुटते हैं। कान्स का ये हिस्सा केवल बेहतरीन और व्यावसायिक क्षमता वाली फिल्मों को ही जगह देता है।
श्रैय
निर्माताओं ने दर्शकों को दिया सफलता का श्रेय
दुनियाभर के फिल्म निर्माताओं, वितरकों और निर्माताओं को एक साथ लाने के लिए मशहूर यह सेगमेंट (मार्चे डू फिल्म) अंतरराष्ट्रीय सहयोग और डिस्ट्रीब्यूशन डील्स को अंतिम रूप देने में बेहद अहम भूमिका निभाता है। सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए निर्माताओं ने इस पल को यादगार बताया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय दर्शकों को देते हुए लिखा कि जनता का निरंतर समर्थन ही फिल्म के इस शानदार सफर की सबसे बड़ी ताकत रहा है।
दायरा
मुकेश छाबड़ा की 'गुदगुदी' ने तोड़ी सरहदें
मुकेश छाबड़ा और व्हाइट पीकॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी 'गुदगुदी' उन भारतीय फिल्मों की बढ़ती लहर का प्रतिनिधित्व करती है, जो अब घरेलू सीमाओं को पार कर वैश्विक स्तर पर अपनी जगह बना रही हैं। कान्स में इस फिल्म का शामिल होना इस बात का बड़ा संकेत है कि समकालीन भारतीय कहानियां न केवल सरहदों को पार कर रही हैं, बल्कि दुनियाभर के बड़े दर्शकों के साथ जुड़ने में भी सफल हो रही हैं।
समारोह
कब से कब तक चलेगा कान्स फिल्म फेस्टिवल?
79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल का आयोजन इस साल 12 मई से 23 मई, 2026 तक होगा। इसके साथ फिल्म बाजार का प्रमुख मंच 'मार्चे डू फिल्म' भी चलेगा। इस साल मुख्य प्रतियोगिता में 21 फिल्में 'पाम डी ओर' के लिए दावेदारी पेश करेंगी। भारतीय फिल्म 'गुदगुदी' भी अपनी वैश्विक छाप छोड़ने के लिए तैयार है। बात करें अहसास चन्ना की तो वो डिजिटल प्लेटफॉर्म (OTT प्लेटफॉर्म) की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक मानी जाती हैं।