जियो सिनेमा पर 'इंस्पेक्टर अविनाश' की वापसी, रणदीप हुड्डा फिर दिखाएंगे धाकड़ अंदाज
रणदीप हुड्डा के फैंस के लिए बड़ी खबर है। दरअसल, 'इंस्पेक्टर अविनाश' का दूसरा सीजन जियो सिनेमा पर दस्तक देने के लिए तैयार है। रणदीप एक बार फिर अपने उसी दमदार और बेबाक पुलिसिया अंदाज में जुर्म की दुनिया का खात्मा करते नजर आएंगे। इस नए सीजन में कहानी अपराध और कानून के और भी खतरनाक गलियारों में कदम रखेगी, जहां न सिर्फ किरदारों की नई परतें खुलेंगी, बल्कि दर्शकों को कई इमोशनल और चौंकाने वाले मोड़ भी देखने को मिलेंगे।
उर्वशी रौतेला ने करीब 2 साल तक की तैयारी
उर्वशी रौतेला ने अपने किरदार को पर्दे पर जीवंत करने के लिए लगभग दो साल तक तैयारी की। इसके लिए उन्होंने असली इंस्पेक्टर अविनाश की पत्नी से भी मुलाकात की, ताकि उनकी सहनशीलता और जज्बे को अच्छे से समझ सकें। उनकी इस मेहनत से इस सीजन में कहानी में और भी सच्चाई दिखेगी। दोनों मुख्य कलाकार अपनी-अपनी भूमिकाओं में पूरी तरह से ढल गए हैं, जिससे उम्मीद है कि इस बार कहानी और भी दमदार होगी, जो एक्शन और भावनाओं को नए तरीके से दिखाएगी।