Page Loader
बुर्ज खलीफा पर दिखेगी रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' की झलक, जानिए क्या है तैयारी
बुर्ज खलीफा पर दिखेगी रणबीर कपूर की 'एनिमल' (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@ranbir_kapoor)

बुर्ज खलीफा पर दिखेगी रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' की झलक, जानिए क्या है तैयारी

Nov 17, 2023
03:52 pm

क्या है खबर?

रणबीर कपूर और रश्मिका मंदाना की फिल्म 'एनिमल' काफी समय से चर्चा में है। फिल्म के टीजर और गानों ने अच्छी सुर्खियां बटोरी है। फिल्म में रणबीर का भी बिल्कुल नया अंदाज नजर आ रहा है। ऐसे में जब फिल्म के रिलीज में 15 दिन से भी कम का समय बचा है तो निर्माता जोर&शोर से इसके प्रचार की योजना बना रहे हैं। नई खबर के अनुसार, फिल्म की झलकियां बुर्ज खलीफा पर दिखाई जाएंगी।

खबर

बुर्ज खलीफा के लिए बनाया गया विशेष वीडियो

पिंकविला की खबर के अनुसार, बुर्ज खलीफा पर 'एनिमल' का प्रचार किया जाएगा। इस पर प्रदर्शित करने के लिए फिल्म का 1 मिनट का विशेष वीडियो बनाया गया है। बुर्ज खलीफा पर होने वाले इस प्रचार कार्यक्रम में रणबीर के साथ फिल्म में नकारात्मक भूमिका निभा रहे बॉबी देओल और फिल्म निर्माता भूषण कुमार मौजूद रहेंगे। निर्माता चाहते हैं कि रिलीज से पहले वैश्विक स्तर पर फिल्म की चर्चा होने लगे।

योजना 

विदेशी मीडिया में होगा प्रचार

बुर्ज खलीफा पर फिल्म का वीडियो प्रदर्शित करना निर्माताओं के लिए फायदे का सौदा हो सकता है। इससे भारतीय मीडिया के साथ विदेशी मीडिया में भी फिल्म को तवज्जो मिलेगी। निर्माताओं का मकसद भी फिल्म को लेकर विदेशी मीडिया में चर्चा बढ़ाना है। निर्माता खासकर, दुबई जैसे विदेशी बाजार पर खास ध्यान देना चाहते हैं। अमेरीका में फिल्म 888 स्क्रीन पर रिलीज हो रही है। इसे अमेरिका में सबसे बड़ी भारतीय रिलीज कहा जा रहा है।

फिल्म

1 दिसंबर को रिलीज होगी 'एनिमल'

यह फिल्म पहले अगस्त में रिलीज होने वाली थी, लेकिन फिल्म के एडिटिंग का काम बाकी होने के कारण इसे टाल दिया गया था। अब यह फिल्म 1 दिसंबर को रिलीज होगी। निर्माताओं का दावा है कि फिल्म में रणबीर का खूंखार अंदाज देखने को मिलेगा, जैसा पहले कभी नहीं दिखा है। फिल्म में रणबीर और रश्मिका के साथ अनिल कपूर भी नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा कर रहे हैं।

बुर्ज खलीफा पर प्रचार

इन फिल्मों का भी बुर्ज खलीफा पर हुआ प्रचार

'एनिमल' से पहले निर्माता कई अन्य बॉलीवुड फिल्मों का बुर्ज खलीफा पर प्रचार कर चुके हैं। शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' और 'पठान' की झलकियां भी इस इमारत पर दिखाई गई थी। वरुण धवन और कृति सैनन की फिल्म 'भेड़िया' का ट्रेलर भी बुर्ज खलीफा पर दिखाया गया था। कार्तिक आर्यन की फिल्म 'शहजादा' की झलक भी बुर्ज खलीफा पर दिखी थी। इस फिल्म का टीजर इस इमारत पर प्रदर्शित किया गया था।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

1 दिसंबर को 'एनिमल' के साथ विक्की कौशल की फिल्म 'सैम बहादुर' भी पर्दे पर आएगी। यह फील्ड मार्शल सैम मानोकशॉ की बायोपिक है। फिल्म में विक्की के साथ सान्या मल्होत्रा और फातिमा सना शेख नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है।