Page Loader
माता-पिता बनने वाले हैं रणबीर और आलिया, अभिनेत्री ने की पुष्टि
माता-पिता बनने वाले हैं रणबीर और आलिया

माता-पिता बनने वाले हैं रणबीर और आलिया, अभिनेत्री ने की पुष्टि

Jun 27, 2022
01:39 pm

क्या है खबर?

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने बीते 14 अप्रैल को शादी रचाई थी। ये दोनों सितारे मुंबई में शादी के बंधन में बंधे थे। उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। तमाम हस्तियों ने इस कपल को अपनी शुभकामनाएं भी दी थीं। अब रणबीर और आलिया के चाहने वालों के लिए एक खुशखबरी आई है। दरअसल, रणबीर और आलिया जल्द माता-पिता बनने वाले हैं। अभिनेत्री आलिया ने यह खुशखबरी खुद शेयर की है।

इंस्टाग्राम पोस्ट

आलिया ने इंस्टाग्राम पर दी जानकारी

आलिया ने इंस्टाग्राम पर प्रशंसकों के साथ अपनी खुशी बांटी है। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि वह जल्द मां बनेंगी। आलिया ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'हमारा बेबी.... जल्द आ रहा है।' इस खबर के सामने आने के बाद फैंस आलिया को बधाइयां दे रहे हैं। अभिनेत्री ने अपने अल्ट्रासाउंड अपॉइंटमेंट की एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह काफी खुश नजर आ रही हैं।

बधाई संदेश

कई हस्तियों ने दी शुभकामनाएं

बॉलीवुड के कई कलाकारों ने आलिया और रणबीर को इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएं दी हैं। प्रियंका चोपड़ा, करण जौहर और रकुल प्रीत सिंह ने उन्हें अपनी बधाइयां दी हैं। वहीं रणबीर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी ने हार्ट इमोजी शेयर करते हुए अपनी भावनाएं जाहिर कीं। अभिनेत्री मौनी रॉय ने अपने कमेंट में लिखा, 'ओम नमः शिवाय। बहुत खुश हूं।' आलिया की मां सोनी राजदान ने भी कपल को अपना आशीर्वाद दिया है।

प्रेम-प्रसंग

कब करीब आए रणबीर और आलिया?

रणबीर-आलिया के बीच 2017 से प्रेम की केमिस्ट्री चल रही है। 2017 में अयान मुखर्जी की 'ब्रह्मास्त्र' फिल्म के सेट पर दोनों के बीच प्यार पनपा था। ये दोनों जल्द इस फिल्म में नजर आएंगे। दोनों कलाकारों के परिवार वालों को भी इस बात की जानकारी थी। आलिया को अक्सर रणबीर की मां नीतू कपूर और बहन रिद्धिमा कपूर के साथ घूमते हुए देखा जाता था। नजदीकियां बढ़ने के बाद दोनों ने अपने रिश्ते को मुकाम देने का निर्णय लिया।

फिल्में

ये हैं रणबीर और आलिया की आने वाली फिल्में

रणबीर करण मल्होत्रा की फिल्म 'शमशेरा' में दिखेंगे। इस फिल्म में उनके साथ संजय दत्त और वाणी कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। विक्की कौशल अभिनीत 'मिस्टर लेले' के एक खास गाने में भी रणबीर नजर आने वाले हैं। आलिया अपने प्रोडक्शन में बनने वाली फिल्म 'डार्लिंग्स' को लेकर चर्चा में हैं। करण जौहर की 'तख्त' में भी वह नजर आएंगी। फरहान अख्तर की रोड ट्रिप पर आधारित फिल्म 'जी ले जरा' में भी वह अभिनय करेंगी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

फिल्म समीक्षक राजीव मसंद से रणबीर ने कहा था, "मेरी और आलिया की शादी बहुत पहले हो चुकी होती, अगर कोरोना वायरस महामारी ने हमारा जीवन प्रभावित न किया होता। हम 2020 में ही शादी कर चुके होते, लेकिन कोरोना ने काम बिगाड़ दिया।"