रामलीला समिति ने रणबीर कपूर के भगवान राम के बनने पर उठाए सवाल, जानिए क्या बोले?
दीपावली 2026 में रिलीज होने वाली 'रामायण: पार्ट 1' फिल्म के लिए रामलीला महासंघ ने निर्देशक नितेश तिवारी और प्रोडक्शन टीम से इसकी प्री-रिलीज स्क्रीनिंग की मांग की है।
महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार का कहना है कि यह इसलिए जरूरी है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि फिल्म धार्मिक भावनाओं का पूरा सम्मान करे और पारंपरिक कथाओं के अनुरूप ही बने।
महासंघ के अध्यक्ष ने की रणबीर कपूर के भगवान राम बनने की आलोचना
अर्जुन कुमार रणबीर द्वारा भगवान राम का किरदार निभाने से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि रणबीर का अभिनय कमजोर है और उसमें गहराई की कमी नजर आती है।
उन्होंने 'आदिपुरुष' (2023) का उदाहरण दिया, जिसे पारंपरिक किरदारों और कहानी के स्वरूप को बदलने के लिए कड़ी आलोचना झेलनी पड़ी थी और इस कारण फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर भारी नुकसान हुआ था।
रामलीला महासंघ चाहता है कि 'रामायण: पार्ट 1' ऐसी ही गलतियां न दोहराए। महासंघ का कहना है कि अगर उनकी चिंताओं पर ध्यान दिया जाता है, तो वे फिल्म का प्रचार करने में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं।
हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर उनकी मांग को नजरअंदाज किया गया, तो बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन भी हो सकते हैं।