Page Loader
'रावण' का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी के निधन की खबरों को भतीजे ने बताया अफवाह

'रावण' का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी के निधन की खबरों को भतीजे ने बताया अफवाह

May 04, 2020
09:23 pm

क्या है खबर?

लॉकडाउन की वजह से दूरदर्शन पर एक बार फिर से रामानंद सागर की 'रामायण' का प्रसारण किया गया। शो को दर्शकों ने खूब पसंद किया। वैसे तो अब इस शो का समापन हो चुका है, लेकिन इसकी लोकप्रियता ऐसी है कि दर्शक इससे जुड़े कलाकारों के बारे में जानने के लिए अब भी उत्साहित हैं। इसी बीच 'रामायण' में रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी के निधन को लेकर खबरें फैलने लगी, जिसे उनके भतीजे ने अफवाह बताया है।

अफवाह

भतीजे ने किया निधन की खबरों का खंडन

रविवार को पूरा दिन सोशल मीडिया पर अरविंद के निधन की खबरें छाई रहीं। यूजर्स ने उन्हें श्रद्धांजलि देना शुरु कर दिया। हालांकि, अब अरविंद के भतीजे कौस्तुभ त्रिवदी ने इन खबरों पर चुप्पी तोड़ते हुए इन्हें केवल अफवाह बताया है। उन्होंने अपने एक ट्वीट में लिखा, 'मेरे चाचा अरविंद त्रिवेदी लंकेश बिल्कुल स्वस्थ और सुरक्षित हैं। कृपया झूठी खबरें न फैलाएं और उनके ठीक रहने की खबर सभी तक पहुंचाए। धन्यवाद।'

ट्विटर पोस्ट

अरविंद के भतीजे ने ट्वीट के जरिए दी जानकारी

सोशल मीडिया

रविवार को खुद सोशल मीडिया पर एक्टिव थे अरविंद

रविवार को खुद अरविंद त्रिवेदी सोशल मीडिया पर एक्टिव थे। हाल ही में सीरियल 'श्रीकृष्ण' में भगवान कृष्ण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सर्वदमन बनर्जी से सोशल मीडिया पर डेब्यू किया है। इस पर अरविंद ने रविवार को उनका स्वागत करते हुए एक ट्वीट भी किया था। इसमें उन्होंने लिखा, 'जय श्री कृष्ण। स्वागत है आपका।' सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान उनके इस ट्वीट पर भी नहीं गया और वह उनके निधन का शोक मनाने लगे।

भक्ति

शूटिंग के दौरान उपवास रखते थे अरविंद त्रिवेदी

'रामायण' में अरविंद की भूमिका को दर्शकों ने काफी पसंद किया। अरविंद ने बेशक इस सीरियल में रावण का किरदार निभाया था, लेकिन असल जिंदगी में वह भगवान राम के भक्त थे। कुछ समय पहले उनकी बेटी ने एक इंटरव्यू में बताया कि अरविंद शूटिंग से पहले भगवान से माफी मांगते और कहते थे कि वह सिर्फ शूटिंग के लिए ऐसा कर रहे हैं। वह शूट के दौरान उपवास रखते थे और खत्म होने के बाद ही अन्न खाते थे।

रिकॉर्ड

रामायण ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

बता दें कि दर्शकों की मांग पर 'रामायण' का प्रसारण घर बैठे लोगों के मनोरंजन के लिए किया गया था। जबकि अब यह दुनियाभर में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला शो बन गया है। इसकी TRP ने ऐसी उछाल मारी कि 16 अप्रैल को इसे 7.7 करोड़ लोगों ने देखा। इसी के साथ इसने वर्ल्ड रिकॉर्ड भी कायम कर लिया। पहले ही दिन से लगातार इस शो की TRP बढ़ती जा रही थी।