राष्ट्रपति भवन में दिखाई जाएगी रणबीर कपूर की 'रामायण', विशेष स्क्रीनिंग की तैयारी
क्या है खबर?
नितेश तिवारी की महत्वाकांक्षी फिल्म 'रामायण' का पहला अध्याय दिवाली पर रिलीज हो रहा है। इस पौराणिक गाथा में रणबीर कपूर (श्रीराम), साई पल्लवी (सीता) और यश (रावण) मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। ताजा अपडेट है कि सिनेमाघरों में फिल्म की रिलीज के साथ ही इसकी विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में किया जाएगा, जिसमें दिग्गज सितारे शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि निर्माता इसके लिए जरूरी अनुमतियां प्राप्त करने की तैयारी कर रहे हैं।
तैयारी
राष्ट्रपति भवन में गूंजेगी श्रीराम की जयकार?
मिड-डे के मुताबिक, एक सूत्र ने कहा, "राष्ट्रपति भवन में 'रामायण' की स्क्रीनिंग उसी दिन आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है, जिस दिन फिल्म विश्व स्तर पर रिलीज हो रही है। इससे भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना के शुभारंभ में एक और महत्वपूर्ण आयोजन जुड़ जाएगा। कार्यक्रम की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और टीम आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने की प्रक्रिया में है।"
स्क्रीनिंग में रणबीर, साई और यश के शामिल होने की उम्मीद भी है।
योजना
NMACC में भी 'रामायण' की स्क्रीनिंग करने की योजना
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि फिल्म निर्माता 'रामायण' की 2 स्क्रीनिंग आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।
इनमें से एक स्क्रीनिंग नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र (NMACC) में आयोजित होगी, जबकि दूसरी दिल्ली में गणमान्य व्यक्तियों के लिए होगी।
'रामायण' का पहला अध्याय 5 नवंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। इसमें सनी देओल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, रवि दुबे, अरुण गोविल और विवेक ओबेरॉय समेत कई कलाकार शामिल हैं।