Loading...
पाइरेसी को लेकर 'रामायण' की टीम ने दी सख्त चेतावनी, दोषियों पर होगी कानूनी कार्रवाई
पाइरेसी को लेकर 'रामायण' की टीम ने दी सख्त चेतावनी

पाइरेसी को लेकर 'रामायण' की टीम ने दी सख्त चेतावनी, दोषियों पर होगी कानूनी कार्रवाई

लेखन Manoj Panchal
Nov 08, 2026
11:20 am

क्या है खबर?

रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' के निर्माताओं ने सिनेमाघरों में फिल्म की रिकॉर्डिंग कर उसे ऑनलाइन साझा करने वालों के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की है। टीम ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा, "हमारे संज्ञान में आया है कि 'नमित मल्होत्रा की रामायण' के अनधिकृत फुटेज सिनेमाघरों में रिकॉर्ड किए जा रहे हैं और सोशल मीडिया व मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर साझा किए जा रहे हैं।" उन्होंने कहा कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बयान 

दोषियों के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई

टीम ने स्पष्ट किया कि ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के आपराधिक, दीवानी और अदालत की अवमानना से जुड़ी कार्यवाही की जाएगी।

टीम ने बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश का हवाला दिया, जिसमें फिल्म की अनधिकृत रिकॉर्डिंग और उसे साझा करने पर रोक लगाई गई है।

बयान के मुताबिक, ऐसा करना कॉपीराइट का उल्लंघन है और कॉपीराइट अधिनियम, 1957, सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952, भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 और आईटी अधिनियम, 2000 के तहत दंडनीय अपराध है।

अपील 

ऑनलाइन पोस्ट किए गए फुटेज हटाने की अपील

'रामायण' की टीम ने लोगों से पहले से ऑनलाइन साझा किए जा चुके फिल्म के अनधिकृत फुटेज हटाने की भी अपील की है।

5 नवंबर को रिलीज हुई इस फिल्म में रणबीर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं।

फिल्म को समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और यश हैं।

इसका दूसरा भाग दिवाली 2028 में रिलीज होगा।

ADVERTISEMENT