रणबीर कपूर पर रवि दुबे बोले- काम और स्वभाव दोनों लाजवाब, पर रत्ती भर घमंड नहीं
क्या है खबर?
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे अभिनेता रवि दुबे ने भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर की जमकर तारीफ की है। रणबीर की कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर भले ही मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हों, लेकिन रवि का मानना है कि वो इस रोल के लिए बिल्कुल सही पसंद हैं। उन्होंने रणबीर को इंडस्ट्री के सर्वश्रेष्ठ अभिनेताओं में से एक बताते हुए उनके समर्पण, काम और स्वभाव की सराहना की है।
तारीफ
रणबीर की सादगी और समर्पण के कायल हुए रवि
वैराइटी से बातचीत में रवि ने कहा, "रणबीर निस्संदेह मौजूदा दौर के सबसे बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं। वो भले ही एक बड़े सुपरस्टार हैं, लेकिन उनसे मिलकर जिस बात ने मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित किया, वो उनका इंसान और एक कलाकार के रूप में नजर आने वाला अंदाज है। रणबीर सेट पर जिस असाधारण ईमानदारी, सादगी और समर्पण के साथ काम करते हैं, उसकी कोई तुलना नहीं की जा सकती।"
स्टारडम का बोझ
"सुपरस्टार होकर भी रत्ती भर घमंड नहीं"
रवि ने रणबीर के साथ काम करने के अनुभव को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उन्होंने रणबीर के काम के प्रति समर्पण, अनुशासन, तीव्रता और तैयारी के बारे में बहुत कुछ सुना था, लेकिन उन्हें इसे करीब से देखने का सौभाग्य मिला।
उन्होंने आगे कहा कि इतने बड़े सुपरस्टार होने के बावजूद रणबीर का स्वभाव बेहद जमीनी, गर्मजोशी से भरा और अपनों जैसा है। लोगों से बातचीत करते दौरान उन पर अपने स्टारडम का रत्ती भर भी घमंड नहीं दिखता।
बयान
'रामायण' का हिस्सा बनकर भावुक हुए रवि
रवि ने रणबीर, नमित मल्होत्रा, नितेश तिवारी, यश और साई पल्लवी जैसे कलाकारों के साथ 'रामायण' की इस यात्रा का हिस्सा बनने पर खुशी और आभार व्यक्त किया।
'रामायण' का हिस्सा बनने पर रवि भावुक हो गए। उन्होंने इसे अवसर, उपलब्धि या डेब्यू से बढ़कर एक आशीर्वाद बताया। रवि ने कहा कि वो इस विशाल प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर बेहद आभारी हैं। उनके मुताबिक, भारत की संस्कृति में 'राम कथा' का छोटा सा हिस्सा बनना भी सौभाग्य की बात है।
स्टारकास्ट
'रामायण' में नजर आएंगे ये कलाकार
महाकाव्य फिल्म 'रामायण' 2 भागों में रिलीज होगी, जिसका पहला भाग दिवाली 2026 (6 नवंबर) और दूसरा भाग दिवाली, 2027 को सिनेमाघरों में आएगा।
इसमें रणबीर कपूर भगवान श्री राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण, सनी देओल हनुमान और यश रावण के रूप में नजर आएंगे।
इनके साथ लारा दत्ता, अरुण गोविल और रकुल प्रीत सिंह भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। एआर रहमान का संगीत इस सिनेमाई अनुभव को और भव्य बनाएगा।