LOADING...
गूगल ने बदला नियम, अब एंड्रॉयड बैकअप भी स्टोरेज लिमिट का हिस्सा होगा
गूगल ने बदला एंड्रॉयड बैकअप का नियम

गूगल ने बदला नियम, अब एंड्रॉयड बैकअप भी स्टोरेज लिमिट का हिस्सा होगा

Jul 07, 2026
10:33 am

क्या है खबर?

गूगल ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए अकाउंट स्टोरेज से जुड़ा नया बदलाव लागू करना शुरू कर दिया है। आज (7 जुलाई) से नए एंड्रॉयड यूजर्स का पूरा बैकअप डाटा गूगल अकाउंट की स्टोरेज लिमिट में गिना जाएगा। पहले केवल गूगल फोटोज पर अपलोड की गई तस्वीरें, वीडियो और MMS मीडिया ही स्टोरेज में शामिल होते थे। मौजूदा एंड्रॉयड यूजर्स को भी यह बदलाव आने वाले महीनों में धीरे-धीरे दिखाई देगा। इससे स्टोरेज उपयोग का तरीका बदल जाएगा।

वजह

कंपनी ने बताई बदलाव की वजह

गूगल का कहना है कि एंड्रॉयड बैकअप से यूजर्स अपने फोन का डाटा सुरक्षित रख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर आसानी से नए डिवाइस में रिस्टोर कर सकते हैं। कंपनी के अनुसार, इस बदलाव से औसतन केवल 40MB अतिरिक्त स्टोरेज ही जुड़ेगी। इसके साथ ही, यूजर्स को पहले से अधिक पारदर्शिता और नियंत्रण मिलेगा, जिससे वे तय कर सकेंगे कि किस डाटा और किन ऐप्स का बैकअप रखना है।

कंट्रोल

यूजर्स को मिलेंगे नए कंट्रोल

गूगल ने इस बदलाव ले साथ ही बैकअप सेटिंग्स में नए विकल्प भी जोड़े हैं। अब यूजर्स डिवाइस सेटिंग्स, कॉल हिस्ट्री, SMS और MMS मैसेज का बैकअप चाहें तो बंद कर सकते हैं। इसके अलावा, हर ऐप के डाटा को बैकअप में शामिल करना है या नहीं, इसका विकल्प भी मिलेगा। ये सभी सेटिंग्स फोन के बैकअप मेनू में उपलब्ध होंगी, जिससे स्टोरेज को बेहतर तरीके से मैनेज करना आसान होगा।

Advertisement

बदलाव

स्टोरेज नियमों में पहले भी हुए बदलाव

गूगल पिछले कुछ समय से अपनी स्टोरेज पॉलिसी में लगातार बड़े बदलाव कर रही है। मई में कंपनी ने नए अकाउंट्स के लिए एक नई व्यवस्था की टेस्टिंग शुरू की थी। इसके तहत अगर कोई यूजर अपना फोन नंबर अकाउंट से लिंक नहीं करता है, तो उसे 15GB की जगह केवल 5GB मुफ्त स्टोरेज मिल सकती है। नए बदलाव भी इसी स्टोरेज मैनेजमेंट रणनीति का हिस्सा माने जा रहे हैं।

Advertisement