'सरकार 4' में अमिताभ-अभिषेक लौटेंगे, क्या ऐश्वर्या भी होंगी साथ? राम गोपाल वर्मा ने खोला राज
क्या है खबर?
भारतीय सिनेमा के सबसे मजबूत किरदारों में से एक 'सुभाष नागरे' की दहाड़ एक बार फिर बड़े पर्दे पर गूंजने वाली है। निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने आधिकारिक तौर पर 'सरकार 4' की पुष्टि कर दी है। लोग ये जानने काे उत्सुक थे कि फिल्म में अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन की शानदार जोड़ी सालों बाद एक बार फिर पर्दे पर साथ नजर आएगी। आइए जानते हैं क्या है वर्मा का यह नया मास्टर प्लान।
पुष्टि
फिर साथ दिखेंगे अमिताभ और अभिषेक बच्चन, फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार
मिड डे से वर्मा ने कहा, लेखन का काम पूरा हो चुका है। मैं 2026 के मध्य में इसकी शूटिंग शुरू कर रहा हूं। इसके मुख्य कलाकारों अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन के बिना 'सरकार' की कल्पना करना असंभव है। अमिताभ और अभिषेक दोनों ही फिल्म का हिस्सा होंगे। 'सरकार' और 'सरकार राज' में अमिताभ-अभिषेक की जोड़ी को काफी सराहा गया था और अब सालों बाद इन्हें फिर से साथ देखना दर्शकों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं होगा।
तैयारी
फिल्म को इसी साल पूरा करने का लक्ष्य
इस फ्रैंचाइजी की कहानी 2005 में 'सरकार' के साथ शुरू हुई थी, जिसके बाद 2008 में 'सरकार राज' और 2017 में 'सरकार 3' आई। हालांकि, पूरी फ्रैंचाइजी में बच्चन जोड़ी (अमिताभ-अभिषेक) लगातार बनी रही, लेकिन बाकी कलाकार हर किस्त के साथ बदलते रहे। वर्मा ने ये भी बताया कि उनका लक्ष्य 'सरकार 4' को इसी साल के भीतर पूरा करने का है। उनके इस ऐलान से प्रशंसक खुशी से झूम उठे हैं।
कहानी
कहानी होगी बिल्कुल अलग, पर ऐश्वर्या नहीं होंगी फिल्म का हिस्सा
उधर निर्देशक ने IANS को बताया कि इस बार फिल्म की कहानी बिल्कुल अलग होगी और 'सरकार' की दुनिया पहले से कहीं ज्यादा बड़ी और व्यापक दिखाई देगी। फिल्म के विषय काफी महत्वपूर्ण बताया है। उनके अनुसार, सत्ता और गलियारों के पर्दे के पीछे जो कुछ भी घटित होता है, उसे इस बार पहले से कहीं अधिक बड़े पैमाने पर फिल्माया जाएगा। उन्होंने ये भी साफ कर दिया कि ऐश्वर्या राय इस फिल्म का हिस्सा नहीं होंगी।
सफरनामा
बॉक्स ऑफिस पर 'सरकार' सीरीज का सफर
बता दें कि महज 13 करोड़ रुपये के बजट में बनी सरकार ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। इसने भारत में 24.64 करोड़ रुपये कमाए थे। उधर 'सरकार राज' का बजट 25 करोड़ रुपये था। इसने दुनियाभर में 57.95 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। साल 2017 में आई 'सरकार 3' बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई और फ्लॉप साबित हुई। अब देखना होगा कि 'सरकार 4' बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल करती है।