राम चरण की 'पेड्डी' की दीवानगी, फिल्म देखने जापान से भारत आए जबरा फैंस ने सिनेमाघर के बाहर गाए गाने, वीडियो वायरल
ग्लोबल स्टार राम चरण का जलवा अब पूरी दुनिया के सिर चढ़कर बोल रहा है। उनकी नई फिल्म 'पेड्डी' देखने के लिए टोक्यो (जापान) से मासामी और क्रिस नाम के दो जबरा फैन खास तौर पर भारत आए हैं। फिल्म ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया और पहले ही दिन दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली। इन जापानी फैन्स का उत्साह देखकर हर कोई हैरान रह गया। हैदराबाद के एक सिनेमाघर के बाहर वे 'पेड्डी' के गानों पर झूमते और गाते नजर आए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
'पेड्डी' राम चरण की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग
मासामी और क्रिस अब तक 'पड्डी' को दो बार देख चुके हैं और अपनी भारत यात्रा के दौरान इसे 10 बार और देखने की तैयारी में हैं। इस फिल्म 'मैराथन' के लिए उन्होंने 5 दिन की छुट्टी ली और फिल्म के रिलीज से पहले ही यहां पहुंचकर इसके माहौल में पूरी तरह से ढल गए। बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी 'पेड्डी' ने सिर्फ 2 दिनों में भारत में 114.49 करोड़ रुपये और विदेशों में 36 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इसी के साथ यह फिल्म 'RRR' के बाद राम चरण के करियर की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग बन गई है।