Page Loader
राम चरण की अगली फिल्म का ऐलान, फिर मिलाया 'पुष्पा' के निर्देशक सुकुमार से हाथ
राम चरण अब इस फिल्म में मचाएंगे धमाल (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@alwaysramcharan)

राम चरण की अगली फिल्म का ऐलान, फिर मिलाया 'पुष्पा' के निर्देशक सुकुमार से हाथ

Mar 25, 2024
04:59 pm

क्या है खबर?

साउथ के सुपरस्टार राम चरण आने वाले दिनों में कई बड़ी फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। अब उनकी नई फिल्म की घोषणा हो गई है। होली के खास मौके पर अभिनेता ने अपने प्रशंसकों को यह तोहफा दिया है। काफी समय से चर्चा थी कि राम चरण, 'पुष्पा' के निर्देशक सुकुमार के साथ फिर काम करने जा रहे हैं और अब उनकी इस फिल्म की आधिकारिक तौर पर पुष्टि हो गई है। आइए जानते हैं क्या जानकारी मिली है।

ऐलान

पुष्पा के निर्माता-निर्देशक और संगीतकार के साथ आए राम चरण

राम चरण ने सोशल मीडिया पर सुकुमार के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की है, जिसमें दोनों के चेहरे पर गुलाल लगा हुआ है। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'फिर एकजुट हुई ताकत।' उनके इस पोस्ट ने प्रशंसकों को उत्साहित कर दिया है। 'पुष्पा' की प्रोडक्शन कंपनी मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले ही यह फिल्म बन रही है। इसकाे संगीत भी 'पुष्पा' के संगीतकार देवी श्री प्रसाद उर्फ DSP देंगे। यह फिल्म 2025 के अंत में दर्शकों के बीच आएगी।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए पोस्ट

फिल्म

'पुष्पा' की टीम के साथ पहले भी काम कर चुके राम चरण

यह पहला मौका नहीं है, जब राम चरण और सुकुमार किसी फिल्म के लिए साथ आ रहे हैं। इससे पहले दोनों ने 2018 में फिल्म 'रंगास्थलम' में साथ काम किया था, जिसका निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स ने ही किया। इसमें राम चरण के साथ सामंथा रुथ प्रभु नजर आई थीं। फिल्म ने राष्ट्रीय पुरस्कार भी अपने नाम किया था। 50 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था।

चर्चा

'गेम चेंजर' को लेकर सुर्खियों में हैं अभिनेता

राम चरण की पिछली बार आई फिल्म 'RRR' ने दुनियाभर में इतिहास रचा। अब उनकी फिल्म 'गेम चेंजर' का भी दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। पिछले साल राम चरण के जन्मदिन यानी 27 मार्च को इस फिल्म का ऐलान हुआ था। फिल्म में वह एक गुस्सैल IAS अफसर की भूमिका अदा करेंगे। इसमें उनकी जोड़ी कियारा आडवाणी के साथ बनी है, जिनके साथ इससे पहले वह फिल्म 'विनय विद्या राम' में दिखे थे और यह फिल्म सुपरहिट रही थी।

सफरनामा

राम चरण के खाते से जुड़ी हैं कई सफल फिल्में

2007 में अभिनेता ने 'चिरुथा' से तेलुगु सिनेमा में कदम रखा था। न सिर्फ 'रंगास्थलम' बल्कि कई फिल्मों में उन्होंने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों के साथ समीक्षकों को भी अपना मुरीद बनाया है। 'RRR' में अपने अभिनय और डांस से राम चरण ने दुनियाभर के दर्शकों का दिल जीत लिया, वहीं काजल अग्रवाल संग आई उनकी फिल्म 'मगधीरा' के बाद भी उनके प्रशंसकों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ। 'ध्रुव' और 'येवदू' भी उनकी बेहतरीन फिल्मों में शामिल हैं।